UP: सीएम के आदेश पर नगर निगम ने शहीदों की प्रतिमाएं पुनः की स्थापित

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। शहर में बुलडोजर से गिराई गई शहीद पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां और ठाकुर रोशन सिंह की प्रतिमाओं को गुरुवार को दोबारा उसी स्थान पर स्थापित कर दिया गया। पुनर्स्थापना के दौरान नगर आयुक्त डॉ. विपिन मिश्रा और महापौर अर्चना वर्मा के साथ कई पार्षद मौजूद रहे। सभी ने प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। बताया गया कि 22 मार्च की रात गांधी भवन के पास कार्यदायी फर्म फ्लाई इंफाटेक की ओर से बुलडोजर चलाकर प्रतिमाओं को गिरा दिया गया था।

इस घटना की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से बढ़ा और लोगों में नाराजगी देखने को मिली। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित फर्म पर एफआईआर दर्ज करने, उसे ब्लैकलिस्ट करने और जिम्मेदार जेई व एई को निलंबित करने के आदेश दिए थे। साथ ही 24 घंटे के भीतर प्रतिमाओं को उसी स्थान पर सम्मानपूर्वक फिर से लगाने को कहा था। 

मुख्यमंत्री के निर्देश मिलते ही नगर निगम की ओर से तेजी से काम शुरू किया गया और तय समय में प्रतिमाएं स्थापित कर दी गईं। नगर आयुक्त डॉ. विपिन मिश्रा ने बताया कि आदेश के अनुसार पुनर्स्थापना का कार्य पूरा कर लिया गया है और स्थल पर सौंदर्यीकरण का काम भी जारी है, जिसे समय पर पूरा किया जाएगा। महापौर अर्चना वर्मा ने कहा कि प्रतिमाओं को पूरे सम्मान के साथ लगाया गया है और जब सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा हो जाएगा तो इसका विधिवत उद्घाटन कराया जाएगा।

संबंधित समाचार