Uttrakhand: देहरादून में 'ऑपरेशन नाइट वॉच' के तहत 71 को किया गया गिरफ्तार
देहरादून, अमृत विचार। हुड़दंगी छात्रों/युवकों पर नकेल कसने के लिए राजधानी देहरादून के सभी थाना क्षेत्रों में रात भर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान को 'ऑपरेशन नाइट वॉच' की संज्ञा दी गई। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने गुरुवार को इस अभियान की समीक्षा की।
अभियान के दौरान विगत 2 दिनों में पुलिस ने वृहद स्तर पर कार्यवाही करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 71 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर सभी 71 वाहनो को सीज कर दिया। इस दौरान वाहनों में हूटर, काले शीशे लगाने व यातायात नियमों के उल्लंघन पर 12 अन्य वाहनों को सीज करते हुए 98 वाहन चालकों के एमवी एक्ट में चालान कर 38500 रुपए का जुर्माना किया गया तथा 21 कोर्ट चालान किए गए।
इस दौरान पुलिस ने 2663 वाहनों की चेकिंग तथा 1900 से अधिक व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके सत्यापन संबंधित जानकारी प्राप्त की। रात में अनावश्यक रूप से घूम रहे 288 व्यक्तियों से पुलिस द्वारा मौके पर पूछताछ करते हुए 156 संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाया गया, इस दौरान 99 व्यक्तियों के विरूद्ध 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान की कार्यवाही करते हुए उन पर 49500 रुपए का जुर्माना किया गया।
एसएसपी डोबाल ने कहा कि, विश्वविद्यालय/कॉलेजो मे पढ़ने के नाम पर युवकों को रात्रि में अनावश्यक रूप से घूमने, हुड़दंग करने या कोई अपराध करना किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, ऐसे सभी युवकों के विरुद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, यदि किसी भी कॉलेज/यूनिवर्सिटी का छात्र अनावश्यक रूप से ग्रुप में घूमते हुए/हुड़दंग या कोई अपराध करते हुए पाया जाएगा तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ सुनिश्चित किया जाएगा कि संबंधित कॉलेज/ यूनिवर्सिटी से उनका निष्कासन भी कराया जाए।
