बरेली: भौना फार्म के पास बन सकता है सिविल जज कोर्ट भवन, 30 मार्च को प्रस्ताव पर होगी अहम बैठक
बहेड़ी/बरेली, अमृत विचार। बहेड़ी में सिविल जज (जूनियर डिवीजन) की अदालत के लिए लंबे समय से स्थायी भवन की मांग अब पूरी होती नजर आ रही है। यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो नैनीताल रोड पर भौना फार्म के पास करीब 32 बीघा जमीन पर नए न्यायालय भवन का निर्माण संभव हो सकता है।
बताया जा रहा है कि बहेड़ी बार एसोसिएशन ने इस जमीन का प्रस्ताव अपर जिला जज को सौंप दिया है। संभावना है कि 30 मार्च को होने वाली अवस्थापना उप समिति की बैठक में इस प्रस्ताव को पेश किया जाएगा। समिति की स्वीकृति के बाद प्रस्ताव राजस्व विभाग के माध्यम से तैयार होकर हाईकोर्ट भेजा जाएगा।
गौरतलब है कि बहेड़ी में सिविल जज की अदालत पिछले करीब 30 वर्षों से नगर पालिका की इमारत में संचालित हो रही है। 19 जनवरी 1996 को यह अदालत अस्थायी रूप से शुरू हुई थी, जबकि 1991 में हाईकोर्ट के प्रशासनिक जज आई.एस. जाफरी ने यहां अदालत स्थापित करने की घोषणा की थी। तब से अब तक कई बार स्थायी भवन निर्माण की कवायद हुई, लेकिन जमीन चयन को लेकर मामला अटका रहा।
इसी वर्ष जनवरी में मंडनपुर-उत्तमनगर मार्ग पर एक स्थान का चयन भी किया गया था, जिसे उप समिति से मंजूरी मिल गई थी। हालांकि वह स्थान रेलवे क्रॉसिंग के पार होने के कारण वकीलों को उपयुक्त नहीं लगा। अब भौना फार्म के पास मिली जमीन को लेकर सहमति बन गई है। भू-स्वामियों ने शपथ पत्र देकर अपनी सहमति दी है और सह-खातेदारों ने भी अनापत्ति प्रमाण पत्र सौंप दिया है। ऐसे में लंबे समय से लंबित इस परियोजना के साकार होने की उम्मीद बढ़ गई है।
