बच्ची के हाथ में बुलडोजर देख हंस पड़े सीएम योगी, सोशल मीडिया पर वायरल हुई कानपुर की यशस्विनी
गोरखपुर। गोरखपुर में अपने परिजनों के साथ गोरखनाथ मंदिर पहुंची चार वर्षीय एक बच्ची ने मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ को शुक्रवार को उपहार स्वरूप 'बुलडोजर' भेंट किया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
बयान के अनुसार, कानपुर की निवासी यशस्विनी सिंह के इस अनोखे उपहार को पाकर मुख्यमंत्री भी हंस पड़े। यशस्विनी ने मुख्यमंत्री से कहा, "आपके लिए गिफ्ट लाई हूं, पहले आंखें बंद करिए।" इसके बाद उसने एक छोटा-सा बुलडोजर (खिलौना) उनके हाथों में रख दिया। उपहार देख मुख्यमंत्री भी हंस पड़े।
बच्ची ने मुख्यमंत्री से कहा, ''आपको बुलडोजर प्रिय है, इसलिए मैं आपको गिफ्ट कर रही हूं।'' बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में अपनी पारंपरिक दिनचर्या के तहत भ्रमण कर रहे थे, तभी उनकी नजर यशस्विनी पर पड़ी जो अपने माता-पिता के साथ कानपुर से आई थी।
यशस्विनी सिंह कानपुर के प्रताप इंटरनेशनल कॉलेज में नर्सरी की छात्रा है और वह अपने पिता अभय सिंह राजावत व मां प्रियदंबा सिंह के साथ गोरक्षपीठाधीश्वर से आशीर्वाद लेने गोरखपुर आई थी। मुख्यमंत्री से मिलकर वह काफी उत्साहित नजर आई।
