बजट सत्र : ऑनलाइन कारोबार पर अंकुश लगाये सरकार... कांग्रेस सांसद ने की मांग, बोले पटेल- 40 हजार हो शिक्षामित्रों का वेतन

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

नई दिल्ली। कांग्रेस के उज्जवल रमण सिंह ने शुक्रवार को सरकार से ऑनलाइन कारोबार पर अंकुश लगाने तथा छोटे एवं मझौले व्यापारियों के हितों के संरक्षण की मांग की। उज्जवल रमण सिंह ने शून्य काल में इस बारे में नियम बनाने और छोटे दुकानदारों और मझौले व्यापारियों का व्यवसाय को बचाने के उपाय करने की सरकार से मांग की।

समाजवादी पार्टी (सपा) के नरेश उत्तम पटेल ने उत्तर प्रदेश में शिक्षा मित्रों का मानदेय बढ़ाकर 40 हजार रुपये करने की मांग की। सपा के वीरेन्द्र सिंह ने किसानों के घरों में बिजली के स्मार्ट मीटर लगाने पर बिल बढ़कर आने तथा प्रीपेड मीटर लगाने से उन्हें हो रही कठिनाइयों की ओर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराते हुए उनकी समस्यायें दूर करने की मांग की।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निशिकांत दुबे ने मुस्लिमों और ईसाइयों से विवाह करने वाली आदिवासी युवतियों का अनुसूचित जनजाति का दर्जा समाप्त करने की मांग की। भाजपा के ही चन्दूभाई छगनभाई शिहोरा ने गुजरात के सुरेन्द्र नगर इलाके के नमक किसानों को बारिश से हुए नुकसान की भरपाई करने और उन्हें भी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। 

सपा के आनंद भदौरिया ने उत्तर प्रदेश में शहीदों और संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की मूर्तियाें को क्षतिग्रस्त किये जाने का मुद्दा उठाया और इसके दोषियों को सजा देने की मांग की। कांग्रेस के डॉ. प्रशांत यादवराव पडोले ने 2027 की जनगणना के लिए निर्धारित प्रारूप के कॉलम में अन्य पिछड़ा वर्ग काे भी जोड़ने की मांग की। 

आम आदमी पार्टी के मालविंदर कंग ने तलाक और पारिवारिक हिंसा की ओर से सरकार का ध्यान आकृष्ट कराने की मांग करते विवाह प्रमाण पत्र देते समय वर का डोप और चिकित्सा जांच प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य करने की मांग की। राष्ट्रीय लोक दल के डॉ राज कुमार सांगवान ने उत्तर प्रदेश के बागपत में भारतीय प्रबंधन संस्थान की स्थापना की मांग की। 

कांग्रेस के इमरान मसूद ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उच्च न्यायालय की पीठ स्थापना की मांग की। सपा की इकरा चौधरी ने निजी स्कूलों द्वारा विद्यार्थियों के प्रवेश के समय निजी प्रकाशकों की पुस्तकें अनिवार्य करने और यूनिफॉर्म तथा पुस्तकें किसी खास दुकानदार से ही लेने की अनिवार्यता पर रोक लगाने की मांग की। 

इकरा चौधरी ने समाज सुधारक और शिक्षा के क्षेत्र में महान कार्य करने वाले महात्मा ज्योतिबा फुले और महिला शिक्षा की अलख जगाने वाली सावित्री फुले को भारत रत्न देने की मांग की। निर्दलीय सरबजीत सिंह ने खालसा ने पंजाब में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर लगाने की मांग करते हुए कहा कि इसके लिए बेरोजगारी एक बड़ा कारण है। 

उन्होंने सरकार से नशे की समस्या को समाप्त करने की दिशा में ठोस कदम उठाने और बेरोजगारी दूर करने के लिए संसाधन जुटाने की मांग की। उन्होंने असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद पंजाब की खडूर साहिब सीट से सांसद अमृतपाल सिंह को लोक सभा की कार्यवाही में शामिल करवाने के लिए जेल से रिहा करने की मांग की।

सपा के जितेन्द्र कुमार दोहरे ने संसद परिसर में बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा लगाने की मांग की। उन्होंने किसानों को मिलने वाले प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि बढ़ाने तथा आलू किसानों की समस्यायें हल करने की मांग की। 

संबंधित समाचार