फसलों के नुकसान का त्वरित आकलन कर मुआवजा दें, सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
बेमौसम बारिश पर सीएम सख्त, राहत आयुक्त को समन्वय की जिम्मेदारी
लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश में बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि किसानों के हित सर्वोपरि हैं और नुकसान का तत्काल आकलन कर राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता होगी।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे स्वयं फील्ड में जाकर स्थिति का जायजा लें और प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का वास्तविक आकलन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया केवल औपचारिक न होकर जमीनी हकीकत पर आधारित हो, ताकि किसानों को सही और समय पर सहायता मिल सके।
मुख्यमंत्री ने राहत आयुक्त को भी निर्देश दिए हैं कि वे फील्ड स्तर पर कार्यरत अधिकारियों से सीधे संपर्क में रहें और समन्वय स्थापित करें। सभी जिलों से सूचनाएं समयबद्ध तरीके से एकत्र कर शासन को उपलब्ध कराई जाएं, जिससे राहत कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से मुआवजा वितरण प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नुकसान का आकलन प्राप्त होते ही भुगतान की प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए, ताकि प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी किसान को अनावश्यक परेशानी न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
