ऐतिहासिक पल : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली उड़ान, CM योगी और राज्यपाल ने किया लखनऊ का सफर

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ/नोएडा, अमृत विचार: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रथम चरण के उद्घाटन के मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार का राजकीय वायुयान जेवर रनवे से पहली उड़ान भरते हुए प्रदेश के उड्डयन इतिहास में नया अध्याय जोड़ गया। इस विशेष उड़ान में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा से लखनऊ तक का सफर तय किया।

शनिवार को राजकीय वायुयान की पहली उड़ान ने न केवल एयरपोर्ट के संचालन की औपचारिक शुरुआत की, बल्कि प्रदेश में बेहतर कनेक्टिविटी और तेज़ी से विकास के नए द्वार भी खोल दिए। यह पहली उड़ान उत्तर प्रदेश के उड्डयन इतिहास में एक ऐतिहासिक क्षण के रूप में दर्ज हुई है। जेवर से लखनऊ तक का सफर अब और अधिक सुविधाजनक और तेज हो गया है, जिससे व्यापार, निवेश और प्रशासनिक कार्यों में गति बढ़ेगी।
पश्चिमी यूपी को मिलेगा सीधा लाभ

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के खुलने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजधानी लखनऊ के बीच प्रत्यक्ष हवाई संपर्क स्थापित हुआ है। इससे न सिर्फ यात्रियों को समय की बचत होगी, बल्कि प्रदेश के औद्योगिक और व्यापारिक क्षेत्रों को भी नई ऊर्जा मिलेगी।

 नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नया प्रतीक चिह्न बना 'सारस'

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शनिवार को उद्घाटन किए गए नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने अपनी ब्रांड पहचान के लिए सारस-प्रेरित नया प्रतीक चिह्न अपनाया है, जो उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक, सतत विकास की सोच को दर्शाता है। हवाई अड्डा प्रबंधन के अनुसार उत्तर प्रदेश के राजकीय पक्षी 'सारस' को प्रतीक चिह्न में शामिल कर इसे विशिष्ट और वैश्विक स्तर पर प्रभावी पहचान देने का प्रयास किया गया है। यह पहल राज्य की सांस्कृतिक समृद्धि, परंपरा और प्रकृति के प्रति जुड़ाव को रेखांकित करती है।

बयान में कहा गया कि यह कदम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस दृष्टिकोण को भी दर्शाता है, जिसमें विकास के साथ सांस्कृतिक पहचान और पर्यावरणीय संतुलन को समान महत्व दिया जा रहा है। प्रतीक चिह्न को पतली और एकीकृत रेखाओं से डिजाइन किया गया है, जो गति, कनेक्टिविटी और आधुनिक बुनियादी ढांचे का प्रतीक हैं। इसमें इस्तेमाल किया गया नीला-हरा रंग तकनीकी प्रगति और पर्यावरण संरक्षण के संतुलन को दर्शाता है।

प्रतीक चिह्न में उड़ता हुआ सारस प्रगति, आत्मविश्वास और नयी ऊंचाइयों की ओर बढ़ते उत्तर प्रदेश का प्रतीक माना गया है। यह राज्य को वैश्विक निवेश और कनेक्टिविटी हब के रूप में विकसित करने के विजन को भी प्रतिबिंबित करता है। अधिकारियों के अनुसार, यह नया प्रतीक न केवल हवाई अड्डे की ब्रांडिंग को मजबूत करेगा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी अलग और प्रभावी पहचान भी स्थापित करेगा। अब यह हवाई अड्डा केवल एक परिवहन केंद्र नहीं, बल्कि संस्कृति, आधुनिकता और सतत विकास का प्रतीक बनकर उभर रहा है।

संबंधित समाचार