UP सरकार कर रही बजट में लूट : शिवपाल यादव बोले- 2027 में बेईमान सरकार को उखाड़ फेंकेगा पीडीए

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र की विधायक नसीम सोलंकी एवं पूर्व विधायक हाजी इरफान सोलंकी के होली ईद मिलन समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार पर सपा के कद्दावर नेता शिवपाल सिंह यादव जमकर बरसे और आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सरकार बजट में सीधे सीधे लूट कर रही है। जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा सरकार उड़ा रही है इसलिए संकल्प लें कि 2027 विस चुनाव में उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार को उखाड़ फेकेंगे और यूपी में अखिलेश यादव की सरकार बनाएंगे। 

शनिवार को जीआईसी ग्राउंड पर आयोजित होली ईद मिलन समारोह में सपा के प्रदेश अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय एवं विधायक रागिनी सोनकर प्रमुख रुप से शामिल हुए। शिवपाल सिंह ने अपने संबोधन में आरोप लगाया कि केंद्र और उत्तर प्रदेश की बेईमान भाजपा की सरकार जनता को लूट रही है। उत्तर प्रदेश में सीधे सीधे बजट में लूट की जा रही है। जीएसटी और टैक्स के नाम पर जनता को लूटा जा रहा है। निर्दोष लोगों को जेल भेजा जा रहा है।

इरफान सोलंकी और उनके साथियों को तो जेल में डाला ही, साथ ही 10 बार के विधायक एवं 2 बार सांसद रहे सपा के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खां, उनकी प्रिंसपल और 2 बार की विधायक रही पत्नी और 2 बार विधायक रहे बेटे को भी जेल भेज दिया। शिवपाल सिंह ने कहा कि पीडीए आंदोलन बन चुका है जिसे 2027 के विस चुनाव में भाजपा नहीं रोक पाएगी।  

सपा के प्रदेश अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश की सरकार केवल आपसी सौहार्द को बिगाड़ने का काम कर रही है। यही रहा तो वह दिन दूर नहीं है जब भाई भाई में नफरत फैल जाएगी। मछली शहर की विधायक रागिनी सोनकर ने कहा कि सरकार के पास बेरोजगारों के लिए ठोक योजना नहीं है, विधानसभा में जब भी प्रश्न करते हैं, सरकार के पास कोई जवाब नहीं होता। इस अवसर पर आर्य नगर विस क्षेत्र के विधायक अमिताभ वाजपेयी, कैंट के विधायक रुमी हसन आदि ने विचार रखे। संचालन सिराज हुसैन ने किया।

संबंधित समाचार