योगी सरकार को मिला Skoch Award, गंगा चैनलाइजेशन और ऑटोमैटिक गेट को मिली सराहना

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : योगी सरकार ने जल संसाधन और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में अपनी कार्यकुशलता का फिर एक प्रमाण दिया है। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग को नई दिल्ली में आयोजित 106वें स्कॉच शिखर सम्मेलन में प्रतिष्ठित ‘स्कॉच अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान महाकुम्भ-25 के दौरान गंगा धाराओं के सफल चैनलाइजेशन और जल प्रबंधन में नवाचार के लिए दिया गया।

सिंचाई विभाग के प्रमुख सचिव अनिल गर्ग ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गंगा की धाराओं का वैज्ञानिक प्रबंधन किया गया। प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान गंगा की तीन धाराओं को सफलतापूर्वक एक धारा में विलीन किया गया और संगम क्षेत्र में ‘संगम नोज’ एवं विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया का निर्माण किया गया। इससे करोड़ों श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम हुआ और सुरक्षा, सुव्यवस्था तथा भीड़ प्रबंधन में नया आयाम स्थापित हुआ।

इसके साथ ही रामपुर स्थित भाखड़ा वियर (डैम) पर ऑटोमैटिक गेट की स्थापना को भी विशेष सराहना मिली। इस अत्याधुनिक प्रणाली ने जल वितरण को अधिक प्रभावी और नियंत्रित बनाया, सिंचाई व्यवस्था सुधारने और जल संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

मुख्य अभियंता उपेंद्र सिंह ने बताया कि यूपी सिंचाई विभाग की यह उपलब्धि प्रदेश की प्रशासनिक क्षमता और बड़े आयोजन में कार्यकुशलता को उजागर करती है।

संबंधित समाचार