केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह बोले- प्रधानमंत्री मोदी एक व्यक्ति नहीं, एक संस्था हैं...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 8,931 दिनों के सार्वजनिक कार्यकाल को ऐतिहासिक बताते हुए उनकी जमकर सराहना की। चौहान ने कहा कि मोदी एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक संस्था हैं। चौहान ने यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पीएम मोदी अब भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित सरकार के मुखिया रहने वाले नेता बन गए हैं। 

उन्होंने कहा कि इतने लंबे कार्यकाल को कुछ शब्दों में समेटना संभव नहीं है, क्योंकि श्री मोदी अपने आप में एक संस्था हैं। चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने दिन-रात मेहनत कर देश सेवा का उदाहरण पेश किया है। उनका समर्पण और कार्यशैली हर किसी के लिए प्रेरणा है। जब प्रधानमंत्री मोदी की माता का निधन हुआ, तब भी उन्होंने अपने कर्तव्यों को प्राथमिकता दी। पारिवारिक जिम्मेदारी निभाने के बाद वह तुरंत अपने तय कार्यक्रम में शामिल हुए, जो उनके कर्तव्यनिष्ठ स्वभाव को दर्शाता है।

चौहान ने कहा कि देश ने 2011 से 2013 के बीच के वह दिन भी देखे हैं, जब चारों ओर भ्रष्टाचार और घोटालों की चर्चा होती थी। उस समय जनता निराश थी, लेकिन श्री मोदी आशा और विश्वास के प्रतीक बनकर सामने आए। उन्होंने कहा कि 2014 में मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश में विकास का एक नया दौर शुरू हुआ। आज भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रहा है। श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं और उनका यह लंबा सार्वजनिक जीवन राष्ट्र सेवा और समर्पण का प्रतीक है। 

संबंधित समाचार