यूपी बना देश का सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाला राज्य, अब प्रदेश में 17 एयरपोर्ट संचालित, जानें क्या बोले दिग्गज
जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद यूपी ने केरल, महाराष्ट्र और तमिलनाडु को पीछे छोड़ा
लखनऊ/नोएडा, अमृत विचार : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण के उद्घाटन के साथ ही उत्तर प्रदेश ने नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। जेवर एयरपोर्ट के शुरू होते ही प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की संख्या पांच हो गई, जिससे यूपी ने केरल, महाराष्ट्र और तमिलनाडु को पीछे छोड़कर शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है।
प्रदेश में कुल एयरपोर्ट की संख्या अब 17 है। इसमें 12 घरेलू और 5 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट शामिल हैं। साथ ही 7 एयरपोर्ट परियोजनाएं प्रक्रियाधीन हैं, जिनके पूरा होने के बाद प्रदेश की कुल एयरपोर्ट संख्या 24 तक पहुंच जाएगी।
घरेलू एयरपोर्ट :
वर्तमान में प्रदेश में घरेलू एयरपोर्ट 12 हैं, ये आगरा, त्रिशूल (बरेली), गोरखपुर, हिंडन (गाजियाबाद), प्रयागराज, कानपुर, अलीगढ़, आजमगढ़, मुरादाबाद, श्रावस्ती, चित्रकूट, सहारनपुर में स्थित हैं। प्रक्रियाधीन एयरपोर्ट सात हैं, म्योरपुर (सोनभद्र), ललितपुर, मेरठ, पलिया (लखीमपुर), फुरसतगंज (अमेठी), गाजीपुर और झांसी में तैयार हो रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट :
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर), चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट (लखनऊ), लाल बहादुर शास्त्री हवाई अड्डा (वाराणसी), महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट (अयोध्या), कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (कुशीनगर)।
बजट और निवेश में बढ़ोतरी
उत्तर प्रदेश सरकार ने नागरिक उड्डयन के लिए विशेष प्रोत्साहन दिए हैं। 2017-18 से 2025-26 के बीच प्रदेश में नागरिक उड्डयन का बजट कई गुना बढ़ा है। हालिया बजट में नागरिक उड्डयन के लिए 2,111 करोड़ रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित की गई है, जिससे प्रदेश की एयर कनेक्टिविटी और एयरपोर्ट विकास योजनाओं को गति मिली है।
यूपी बनेगा एविएशन हब
जेवर एयरपोर्ट सहित पूरे प्रदेश में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं का विकास यूपी को देश का प्रमुख एविएशन हब बना रहा है। आने वाले वर्षों में नई परियोजनाओं के पूरा होने के बाद उत्तर प्रदेश पूरी तरह से देश का अग्रणी एयरपोर्ट राज्य बन जाएगा, जो निवेश, व्यापार और पर्यटन को नई गति देगा।
दिग्गज बोले, जेवर एयरपोर्ट बनेगा यूपी का वैश्विक गहना
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को सिंगापुर की कंपनी सैट्स लिमिटेड के सीईओ बॉब ची और फिल्म निर्माता बोनी कपूर समेत कई दिग्गजों ने इस परियोजना को वैश्विक हब और विकास का मॉडल बताया। बॉब ची ने कहा कि यह एयरपोर्ट नोएडा और उत्तर प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जोड़ने का माध्यम बनेगा। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शिता का परिणाम बताया। फिल्म निर्माता बोनी कपूर ने बताया कि एयरपोर्ट और इंटरनेशनल फिल्म सिटी मिलकर जेवर क्षेत्र को आर्थिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में स्थापित करेंगे।
इंडियन ऑयल के टीएस दुपारे ने एयरपोर्ट के हाईटेक ईंधन फार्म और इन-फ्लाइट फ्यूलिंग सुविधा की जानकारी दी। नोएडा अपैरल एक्सपोर्ट क्लस्टर के अध्यक्ष ललित ठुकराल ने कहा कि यह परियोजना निर्यात और उद्योग के लिए गेमचेंजर साबित होगी। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सीजीएम देबाशीष मेश्राम ने बताया कि एयरपोर्ट परिसर में 24 घंटे बैंकिंग और फॉरेक्स सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
पूर्व जिलाधिकारी बृजेश नारायण सिंह ने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को तेज और किसानों की सहमति से पूरा होने वाली सफलता बताया। एविएशन विशेषज्ञ सुभाष गोयल ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट दिल्ली एयरपोर्ट पर दबाव कम करेगा और नए अवसरों के द्वार खोलेगा।
सुरक्षा अधिकारी मैमुल्लाह अंसारी ने कहा कि यह परियोजना बड़े पैमाने पर रोजगार और निवेश के अवसर उत्पन्न करेगी। दिग्गजों के अनुसार, जेवर एयरपोर्ट केवल हवाई अड्डा नहीं, बल्कि उद्योग, लॉजिस्टिक्स, फिल्म, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में समग्र विकास का नया केंद्र बनकर भारत के वैश्विक हब बनने की दिशा में अग्रसर है।
