हरदोई : ट्रांसफार्मर से तेल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, मुठभेड़ में बदमाश गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए शनिवार मध्यरात्रि के बाद मुठभेड़ में एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना पाली और पचदेवरा की संयुक्त टीम शनिवार रात करीब दो बजे गयाई चौराहे के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान मुडरामऊ की ओर से आ रही एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन कार सवार भागने लगा। पुलिस द्वारा पीछा करने पर बदमाश ने फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस दौरान कुलदीप उर्फ गब्बर निवासी नवाबगंज, जनपद फर्रुखाबाद के बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के पास से 20 हजार रुपये नकद, एक अवैध तमंचा, कारतूस, स्विफ्ट कार तथा करीब 40 लीटर चोरी का तेल बरामद किया है। इसके अलावा तेल चोरी में प्रयुक्त डिब्बे, पाइप, आरी के ब्लेड और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और उसका गिरोह पिछले एक सप्ताह के दौरान पाली, पचदेवरा और बिलग्राम थाना क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी की कई घटनाओं में शामिल रहा है।

आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में 40 से अधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी हालत स्थिर है। साथ ही गिरोह के अन्य फरार सदस्यों और चोरी का तेल खरीदने वाले नेटवर्क की तलाश की जा रही है। 

संबंधित समाचार