Lucknow News: कर्मचारी संगठनों ने खोला सरकार के खिलाफ मोर्चा, आंदोलन की दी चेतावनी

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

8 अप्रैल को फिर बैठक में बनाएंगे रणनीति, आंदोलन की चेतावनी

लखनऊ, अमृत विचार : हजरतगंज स्थित डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ भवन में शनिवार को प्रदेशभर के विभिन्न कर्मचारी संगठनों की बैठक आयोजित हुई। उत्तर प्रदेश कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुशील त्रिपाठी के आह्वान पर कई संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए और सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान किया।

बैठक में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, राज्य चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ, रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद और स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ समेत कई संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले नौ वर्षों से सरकार कर्मचारी संगठनों की उपेक्षा कर रही है और लंबित मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।

प्रतिनिधियों ने कहा कि कार्मिक विभाग द्वारा हर माह बैठक के निर्देश जारी होने के बावजूद शासन स्तर पर उनका पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभी कर्मचारी संगठन एकजुट होकर एक मंच से चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे। साथ ही जो संगठन इस बैठक में शामिल नहीं हो सके, उन्हें जोड़ने के लिए 8 अप्रैल को फिर बैठक आयोजित कर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।

 

संबंधित समाचार