Rampur:जीजा ने साली पर छुरी से किया हमला, हालत गंभीर
सैफनी, अमृत विचार। नगर में शनिवार देर रात चाय देने को लेकर शुरू हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पति-पत्नी के झगड़े में बीच-बचाव करने आई अपनी साली पर बहनोई ने छुरी से हमला कर दिया।छुरी के बार से युवती की दाहिनी जांघ गंभीर रूप से जख्मी हो गई। इसके बाद हमलावर हाथ में छुरी लहराता हुआ नगर में फरार हो गया और एक घर में छिप गया। पीछा कर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने जख्मी हुई युवती को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि आरोपी आसिफ कुरैशी मुरादाबाद के थाना भोजपुर के भोपुर गांव निवासी है। वह कुछ वर्षों से सैफनी के मौहल्ला कुरैशियान निवासी मजीद कुरैशी के यहां अपनी ससुराल में घर जमाई बनकर रहता है। बताया कि शनिवार की देर रात 10 बजे के समय आसिफ की पत्नी मेहराज ने पति को चाय बनाकर दी, उसने चाय पीने से इनकार किया। इसके बाद दोनों में कहा सुनी होने के बाद झगड़ा शुरू हो गया। बात इतनी बढ़ी कि आसिफ ने अपनी पत्नी के गले पर छुरी रख दी। मामला बढ़ता देख आरोपी आसिफ की साली मेहताब जहां बीच बचाव कराने लगी।
इसी दौरान उसके जीजा ने मेहताब जहां के ऊपर छुरी से हमला कर दिया। बताया गया कि छुरी के वार से मेहताब की दाहिनी जांघ गंभीर रूप से जख्मी हो गई। इसके बाद चीख पुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ गए। लोगों को अपनी ओर आता देख हमलावर हाथ में छुरी लहराता हुआ नगर की गलियों में भाग निकला। भारी संख्या में लोग उसे पकड़ने के लिए उसके पीछे दौड़ने लगे। यह देख आरोपी एक घर मे घुस गया। जिसके बाद पुलिस ने सूचना पाकर उसे हिरासत में ले लिया। उधर पुलिस और परिवार के लोग घायल युवती को निजी अस्पताल ले गए। जहां से उसे गंभीर हालत के चलते शाहबाद के सीएचसी केंद्र भेज दिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। आरोपी का चालान कर दिया है।
