खदरा लूटकांड: पुराने और वर्तमान कर्मियों की कुंडली खंगाल रही पुलिस, 25 हिरासत में

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

हरदोई रोड से खदरा तक के 300 से अधिक कैमरों के फुटेज खंगाले

लखनऊ, अमृत विचार: खदरा में शराब कारोबारी के कलेक्शन एजेंट हर्ष जायसवाल से 10 लाख रुपये की लूट के मामले में मदेयगंज पुलिस ने कारोबारी से वर्तमान और पूर्व कर्मियों की कुंडली खंगाल रही है। अभी तक की जांच के आधार पर पुलिस यह मान रही है कि कोई करीबी ही मोबाइल के माध्यम से कलेक्शन एजेंट हर्ष जायसवाल के हर मूवमेंट की जानकारी दे रहा था। पुलिस 25 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस घटनास्थल से हरदोई रोड से खदरा के बीच के करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की मदद से छानबीन कर रही है।

एसीपी महानगर अंकित सिंह ने बताया कि सर्विलांस की मदद से छानबीन की जा रही है। पुलिस ने शराब कारोबारी मनीष की 11 दुकानों के सेल्समैनों से पूछताछ की। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में अहम सुराग मिले हैं। पुलिस उन सभी शराब दुकानों और उसके आसपास के कैमरे के फुटेज खंगाल रही है, जिसपर कलेक्शन एजेंट गया था। जांच से यह साफ है कि वारदात में छह से अधिक आरोपी शामिल थे। पुलिस को यह जानकारी भी मिली है कि बदमाशों को लगातार कोई हर्ष की लोकेशन के बारे में पता रहा है। पुलिस की सात टीमों को बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगाई गई हैं। पुलिस की टीमें हरदोई, बाराबंकी, उन्नाव, कानपुर समेत कई जिलों में दबिशे दे रही है।

खदरा के दीनदयाल नगर में शराब कारोबारी मनीष जायसवाल का रिश्तेदार काकोरी निवासी कलेक्शन एजेंट हर्ष जायसवाल रोज की तरह बुधवार रात भी 11 मॉडल शॉप से दिनभर की बिक्री का कैश लेकर कारोबारी के घर जा रहा था। रात करीब सवा 11 बजे वह जैसे ही दीनदयाल नगर स्थित तरन्नुम मार्केट वाली गली में पहुंचा, वहां पहले से मौजूद बदमाशों ने उसे रोक लिया और असलहा दिखाकर पिट्ठू बैग छीन लिया था। विरोध करने पर बदमाशों ने पीठ में चाकू मारकर हर्ष को घायल भी कर दिया था।

संबंधित समाचार