अखिलेश यादव बोले- मोदी को मेहमान मानकर ही सम्मान सहित विदा करेंगे
लखनऊ, अमृत विचार : प्रधानमंत्री मोदी के बयान पर पलटवार करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि हमारे प्रदेश में मेहमान बनकर आए हैं, हम उनको मेहमान मानकर ही सम्मान सहित विदा करेंगे। जाने वालों की बात का बुरा नहीं माना जाता है। जब हार साक्षात् दिखने लगती है तो इंसान को न अपने पद का मान रहता है, न ही अपने कथन पर नियंत्रण। उम्र और पद का मान करना हमारे संस्कार में है और हमेशा रहेगा।
मालूम हो कि प्रधानमंत्री मोदी ने जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन के मौके पर प्रदेश की पूर्ववर्ती सपा सरकार पर जमकर हमले किए। उन्होंने कहा था कि पहले की सरकारों ने नोएडा को लूट का एटीएम बना लिया था।
सात में छह हवाई अड्डे बंद
अखिलेश यादव ने कहा कि उप्र. में हाल के वर्षों में जिन सात हवाई अड्डों का उद्घाटन किया गया, उनमें से छह आज तक चालू नहीं हुए हैं। देखो भाजपा का भ्रष्ट प्रबंध सात में से छह नये हवाई अड्डे बंद। प्रदेश के बाकी हवाई अड्डों का क्या हाल है ''घास हटवाकर'' ये भी तो देख लिया जाए। '' उन्होंने चित्रकूट, कुशीनगर व आजमगढ़ के हवाई अड्डों का भी उल्लेख किया और आरोप लगाया गया कि हाल ही में खोले गए कई हवाई अड्डों पर निर्धारित उड़ान परिचालन बंद कर दिया गया है।
