बाराबंकी : निकाह समारोह में खाना बना आफत, 30 लोग फूड प्वाइजनिंग का शिकार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

देवा/बाराबंकी, अमृत विचार। बाराबंकी में देवा थाना क्षेत्र के कस्बा स्थित मोहल्ला लालापुर में शनिवार को आयोजित एक निकाह समारोह उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब भोजन करने के बाद करीब 30 लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सभी को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) देवा में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत खतरे से बाहर बताई है।

जानकारी के अनुसार, लालापुर निवासी मोहम्मद मुहीद की पुत्री सलमा का निकाह था, जिसमें निन्दूरा ब्लॉक के खिंझना गांव से बारात आई थी। दोपहर करीब दो बजे बारातियों और मेहमानों ने भोजन किया। इसके कुछ घंटों बाद ही कई लोगों को उल्टी, पेट दर्द और चक्कर जैसी शिकायतें होने लगीं। शाम होते-होते हालत बिगड़ने पर एक-एक कर लोग इलाज के लिए सीएचसी पहुंचने लगे।

3

रात करीब नौ बजे तक मोहम्मद शरिक, मोहम्मद सफात, सान वारिश, जिया, फाहरुन निशा, मो. अनीश, रफिया, मो. जावेद, रहमा, मो. इरफान, जब्बार और असमीन रजा समेत लगभग 30 लोग अस्पताल पहुंच चुके थे। सीएचसी के चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि सभी मरीजों को समय पर प्राथमिक उपचार दिया गया, जिससे उनकी स्थिति अब नियंत्रण में है।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) संगम कुमार और कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अवधेश कुमार और तहसीलदार भूपेंद्र विक्रम सिंह भी मौके पर पहुंचे तथा पूरे मामले की निगरानी की। अधिकारियों ने चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए और घटना की जांच शुरू करा दी है।

6

प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि भोजन में इस्तेमाल किया गया खोया खराब होने के कारण यह घटना हुई। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।

संबंधित समाचार