बाराबंकी : अचानक आग से सीएचसी में खड़ी 13 एंबुलेंस राख, स्वास्थ्य महकमे को लगा करोड़ों का चूना
बाराबंकी, अमृत विचार। जैदपुर कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में रविवार दोपहर बड़ी घटना हुई। यहां पर बड़ी संख्या में खड़ी 108 एंबुलेंस में अचानक आग लग गई, जो हवा का सहारा पाकर फैलती गई। बचाव कार्य शुरु होने तक 13 एंबुलेंस जलकर राख हो गईं थीं। स्वास्थ्य विभाग की मानें तो नीलामी लायक 43 निष्प्रयोज्य एंबुलेंस खड़ी थीं, जिनमें 13 जली हैं। कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन नीलामी से पहले ही करोड़ों रुपये आग की भेंट चढ़ गए।
जानकारी के अनुसार आग लगने की यह घटना रविवार दोपहर बाद हुई। कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के परिसर के एक हिस्से में करीब 43 एंबुलेंस खड़ी थीं। विभाग बता रहा कि यह सभी नीलामी की प्रक्रिया में थीं हालांकि अभी नीलाम शुरु नहीं हुई थी। बिल्कुल किनारे खड़ी एक एंबुलेंस से अचानक धुआं उठने लगा और आग की तेज लपटें निकलने लगीं। कोई जान पाता, तब तक इन लपटों ने एक के बाद एक एंबुलेंस को चपेट में लेना शुरु कर दिया। आग की ऊंची लपटों को देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी, वहीं सीएचसी में मौजूद स्टाफ भी घबराकर तितर बितर हो गया।

खबर पाते ही जैदपुर एसओ संतोष सिंह मौके पर पहुंचे, वहीं दमकल विभाग को भी बुलाया गया। टीम के पहुंचने तक आग काफी विकराल हो गई थी। करीब आधे घंटे के अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तब करीब 13 एंबुलेंस जलकर राख हो गईं। खास बात यह कि निकट ही इस्तेमाल की जा रही एंबुलेंस आनन फानन में अलग की गईं। आग पर काबू पाने के बाद स्टाफ व पुलिस ने राहत की सांस ली। चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर जगदीश प्रसाद ने बताया कि जल चुकीं एंबुलेंस कुल 43 में शामिल हैं, जो बेकार हो चुकी थीं, जिनकी नीलामी प्रक्रिया जारी थी।
डिप्टी सीएमओ डॉ. डीके श्रीवास्तव ने बताया कि घटना में 13 एंबुलेंस जलकर राख हुई हैं। आग परिसर में नहीं लगी बल्कि चहारदीवारी पार से कुछ जलाया गया। किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।
