यमुना एक्सप्रेसवे पर बस की चपेट में आई महिला, मौत

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

ग्रेटर नोएडाः उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिले के जेवर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात यमुना एक्सप्रेसवे पर तकनीकी खराबी के कारण खड़ी बस से उतर रही एक महिला की बस के अचानक चलने पर उसकी चपेट में आने से मौत हो गयी। 

पुलिस ने रविवार को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे के किलोमीटर उन्तालीस दशमलव पांच सौ माइलस्टोन बाएं साइड पर स्थित शिवा ढाबा के पास एक बस खराब हो गई थी। बस में सवार यात्री उसे धक्का देकर दोबारा चालू करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान बस में सवार श्रीमती पुष्पा शर्मा (55), पत्नी रामेश्वर शर्मा, दिल्ली हर्ष विहार निवासी , बस से नीचे उतर रही थीं। 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही महिला बस से उतरने लगीं, उसी समय बस अचानक चल पड़ी। संतुलन बिगड़ने से वह बस की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही जेवर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को निजी एम्बुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

हालांकि, चिकित्सकों की तमाम कोशिशों के बावजूद उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बस के अचानक चलने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, वहीं बस की तकनीकी स्थिति की भी जांच की जाएगी। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को जल्द ही सामान्य कर दिया और शांति व्यवस्था बनाए रखी।

 

संबंधित समाचार