कानपुर : छात्र पढ़ाई में करेंगे एआई का उपयोग, CSJMU में तैयारी शुरू

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर, अमृत विचार। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में नए सत्र से विद्यार्थी पढ़ाई में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग कर सकेंगे। इसके लिए विश्वविद्यालय की ओर से तैयारी तेज हो गई है। विभिन्न कोर्स में इस्तेमाल होने वाले टूल्स पर काम चल रहा है। खास बात यह है कि लगभग 20 हजार विद्यार्थियों को मिलने वाले इस सुविधा के लिए विश्वविद्यालय लगभग 10 करोड़ रुपये खर्च करने जा रहा है। विद्यार्थियों को दी जाने वाली सुविधा के लिए पूरे विश्वविद्यालय परिसर को एआई सक्षम परिसर के रूप में सक्रिय किया जा रहा है। 

इसके लिए कैंपस एडवांसमेंट मिशन फॉर आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस  के मॉडल को अपनाया जा रहा है। इस मॉडल के तहत सभी संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों के लिए एआई क्षमता निर्माण कार्यक्रम भी चलाया जाएगा। विद्यार्थियों के लिए संस्थागत एआई टूल्स की उपलब्धता, शिक्षण एवं शोध में एआई आधारित उपकरणों का उपयोग भी किया जाएगा। विश्वविद्यालय परिसर में सिर्फ पढ़ाई के लिए ही नहीं बल्कि प्रशासन व छात्र सेवाओं में भी एआई का उपयोग करने के लिए तैयारी शुरू हो गई है। 

माना जा रहा है कि एआई सक्षम परिसर की सुविधा के बाद यहां पर पढ़ाई कर रहे छात्रों को बेहतर पढ़ाई की सुविधा हासिल हो सकेगी। इसके अलावा छात्र अपने पाठ्यक्रम से संबंधित बेहतर उत्तर और नोट्स भी हासिल कर सकेगे। उधर ऐसे छात्र जो पढ़ाई में बेहद कठिन उत्तर को आसानी से समझना चाहते हैं उनके लिए भी यह सुविधा महत्वपूर्ण मानी जा रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि पढ़ाई में एआई के उपयोग से हर आईक्यू के विद्यार्थी अपने स्तर से 

शोध में भी इस्तेमाल

सीएसजेएमयू की ओर से परिसर में एआई का उपयोग शोध कर रहे छात्रों के लिए भी उपयोगी माना जा रहा है। शोध करने वाले छात्रों को इसके बाद अब विभिन्न सटीक आंकड़ों व जानकारियों के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। वे परिसर में ही एआई के जरिए अपने शोध को आगे बढ़ा सकेंगे। माना जा रहा है कि इससे युवाओं की ओर से किए जा रहे शोधकार्यों में अधिक समय नहीं खर्च करना होगा।

शिक्षकों को भी प्रशिक्षण

छात्रों को पढ़ाई में एआई के उपयोग कराने के लिए प्रोफेसर्स को भी विभिन्न टूल्स के उपयोग के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। ऐसे में युवाओं के साथ ही शिक्षक भी कक्षाओं में एआई का ही उपयोग करेंगे। उधर इस सुविधा की वजह से प्रोफेसर्स और विद्यार्थी दोनो ही एक ही पाठ्यक्रम पर बेहतर परिणाम दे सकेंगे। 

स्टार्टअप के लिए उपयोगी

सीएसजेएमयू में विद्यार्थी स्टार्टअप पर भी एआई का उपयोग कर सकेंगे। इस सुविधा के शुरू होने के बाद स्टार्टअप पर काम कर रहे युवाओं को मार्केट रिसर्च, स्टार्टअप में आने वाली समस्याएं और उसके बाजार संबंधी रुझान आसानी से हासिल हो सकेंगे। माना जा रहा है कि विश्वविद्यालय की ओर से दी जाने वाली सुविधा सामान्य एआई से बेहतर होगी, ऐसे में युवाओं को सटीक आंकड़े हासिल हो सकेंगे।

संबंधित समाचार