उमा ओझा हत्याकांड में पुलिस का बड़ा खुलासा, आरोपी ने गला दबाकर की थी हत्या, गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बस्ती। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में वाल्टरगंज थाना पुलिस ने उमा ओझा हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से मृतका का मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने रविवार को बताया कि वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के गोविन्दनगर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर उमा ओझा निवासी कटरा गांधी नगर का शव बरामद हुआ था। 

मामले की जांच के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। मृतका के पति रामेश्वर दत्त ओझा की तहरीर पर अभिषेक श्रीवास्तव निवासी पिकौरा थाना गौर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने उमा ओझा को विश्वास में लेकर पैसे देने के बहाने बड़ेबन बुलाया और फिर लखनऊ ले जाने की बात कहकर मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। रास्ते में गोविन्दनगर रेलवे स्टेशन के पास शौच का बहाना बनाकर आरोपी ने महिला का गला दबाकर हत्या कर दी। 

इसके बाद घटना को आत्महत्या दर्शाने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर रख दिया और मृतका के पास मौजूद सामान को जला दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन तथा मृतका का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है। इस मामले के खुलासे में थानाध्यक्ष शशांक कुमार सिंह, स्वाट टीम प्रभारी शेषनाथ यादव सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। 

संबंधित समाचार