उत्तराखंड : नानकमत्ता में दबिश के दौरान महिला की मौत, 4 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
ऊधमसिंहनगर। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के नानकमत्ता में दबिश के दौरान बुजुर्ग महिला की मौत मामले की निष्पक्ष जांच के लिए नानकमत्ता के चार पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नानकमत्ता कोतवाली की पुलिस शनिवार को नाबालिग लड़की को भगा ले जाने के आरोपी कुलदीप को पकड़ने के लिए ग्राम सिद्धा नवदिया गयी थी।
आरोप है कि झड़प के दौरान एक बुजुर्ग महिला की तबियत खराब हो गई और वह जमीन पर गिर गई। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। परिजनों और आक्रोशित लोगों ने पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली पर प्रदर्शन किया।
अधिकारियों के समझाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। देर रात को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने इस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए चार पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर करने के निर्देश दे दिए। इनमें उपनिरीक्षक सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल नवीन कुमार, कांस्टेबल लोकेश तिवारी और महिला कांस्टेबल बबीता रानी शामिल हैं। मामले की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
