मन की बात कार्यक्रम में यूपी की चर्चा, वाराणसी के वृक्षारोपण-सौर ऊर्जा पहल की पीएम मोदी ने की सराहना
लखनऊ, अमृत विचार : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में वाराणसी में हुए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए देशवासियों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास पर्यावरण संरक्षण के साथ भावनात्मक जुड़ाव भी मजबूत करते हैं। साथ ही मेरठ के सौर ऊर्जा मॉडल की विशेष सराहना की। इससे उत्तर प्रदेश की पर्यावरण और ऊर्जा क्षेत्र की पहलों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बन गईं।
वाराणसी में एक घंटे में 2.51 लाख से अधिक पौधे लगाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया, जिसे प्रधानमंत्री ने “जनशक्ति और पर्यावरण चेतना का अद्भुत संगम” बताया। वहीं मेरठ के निवासी अरुण कुमार की सौर ऊर्जा पहल को भी सराहा गया। उन्होंने अपने घर पर सोलर पैनल लगाकर न सिर्फ आत्मनिर्भरता हासिल की, बल्कि अतिरिक्त बिजली ग्रिड को देकर आय का स्रोत भी बनाया, जिससे वे ‘ऊर्जादाता’ के रूप में पहचान बना रहे हैं।
प्रदेश में हरित विकास और नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जो उत्तर प्रदेश को सतत और आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। प्रदेश में जनभागीदारी आधारित विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है।-एके शर्मा, मंत्री नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग उप्र
