Moradabad: 69 केंद्रों पर गेहूं खरीद का इंतजाम, किसानों के इंतजार में दिखे प्रभारी

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत 69 गेहूं क्रय केंद्र सोमवार से सक्रिय कर दिए गए। क्रय केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं व औपचारिकताएं केंद्र प्रभारियों ने पूरे कराए। हालांकि गेहूं अभी केंद्रों पर नहीं पहुंचा है। वहीं काफी मात्रा में गेहूं की फसल खेतों में तैयार है।

सोमवार से 69 केंद्रों पर प्रभारी किसानों का इंतजार करते दिखे। जिला खाद्य विपणन अधिकारी विनीता मिश्रा ने बताया कि सभी केंद्रों पर किसानों से सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य पर गेहूं क्रय के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। आवश्यक उपकरण और अभिलेख सुनिश्चित करा दिए गए है, जिससे किसानों को असुविधा न हो। मुरादाबाद में 2409 किसानों का पंजीकरण किया जा चुका है। जिसका सत्यापन तहसील स्तर पर प्रगति पर है। किसानों से अनुरोध है कि वह खाद्य विभाग की वेबसाइट fcs.up.gov.in अथवा किसान मित्र ऐप के माध्यम से पंजीकरण करा नजदीकी सरकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं का विक्रय करें।

रामपुर में है सर्वाधिक खरीद केंद्र
गेहूं खरीद के लिए मुरादाबाद संभाग में रामपुर में सर्वाधिक 114, मुरादाबाद में 69, संभल में 62, अमरोहा में सबसे कम 36, बिजनौर में 50 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। संभागीय खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि बिक्री के समय केन्द्रों पर स्वयं मौजूद न होने पर पंजीकरण प्रपत्र में परिवार के नामित सदस्य (माता/पिता, पति/पत्नी पुत्र/पुत्री, दामाद/पुत्रवधू, सगा भाई / सगी बहन) का विवरण व मोबाइल नंबर फीड कराना जरूरी है। बताया कि सरकारी केंद्रों पर बटाइदारों से भी गेहूं की खरीद की जाएगी। बशर्ते ऐसे पंजीकृत मूल किसान और बटाईदार के मध्य लिखित सहमति हो।

संबंधित समाचार