Nalanda Temple Stampede: शीतला माता मंदिर में मची भगदड़, 8 श्रद्धालुओं की मौत, 10-12 घायल

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

बिहार: नालंदा जिले में मंगलवार सुबह एक दुखद हादसा हो गया। दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा स्थित शीतला मंदिर में भारी भीड़ के बीच मची भगदड़ में 8 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। घटना में 10 से 12 अन्य श्रद्धालु घायल हुए हैं। मृतकों में कई महिलाएं पटना की बताई जा रही हैं। मौत का आंकड़ा और बढ़ सकता है।

भगदड़ क्यों मची?

हर मंगलवार को इस मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए हजारों श्रद्धालु उमड़ते हैं। चैत्र मास के आखिरी मंगलवार होने के कारण इस बार भीड़ और ज्यादा थी। सुरक्षा और व्यवस्था की कमी के चलते किसी अज्ञात कारण से अचानक भगदड़ मच गई। भीड़ में कई लोग गिरे और दब गए, जिससे यह हादसा हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही कई एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। घायलों को सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। मंदिर परिसर को खाली करा लिया गया है और वहां भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

क्या कह रहे हैं प्रशासन?

अभी तक जिला प्रशासन ने मौतों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि नहीं की है। जांच के बाद ही यह साफ होगा कि भगदड़ की असली वजह क्या थी और सुरक्षा में कहां चूक हुई।

आज नालंदा विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह है, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल होने वाले हैं। ऐसे में कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या उच्चस्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों में मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया गया?

राहत कार्य जारी

प्रशासन ने मंदिर क्षेत्र में पूरी तरह से नियंत्रण स्थापित कर लिया है। घायलों का इलाज चल रहा है। मृतकों के परिजनों को तुरंत मदद पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

संबंधित समाचार