वाराणसी : काशी पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, एमपी-यूपी सहयोग सम्मेलन में करेंगे शिरकत
वाराणसी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश सहयोग सम्मेलन-2026 में भाग लेने के लिए काशी पहुंचे। लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी', राकेश सचान, स्वतंत्र प्रभार मंत्री गिरीश यादव और जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
काशी आगमन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव सबसे पहले श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन करेंगे और वहां की व्यवस्थाओं का अवलोकन करेंगे। उनकी इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य धाम में लागू क्राउड फ्लो मैनेजमेंट, अधोसंरचना लेआउट और तीर्थयात्री प्रबंधन प्रणाली का अध्ययन करना है, ताकि धार्मिक स्थलों के आधुनिक और सुव्यवस्थित विकास के लिए इसे मॉडल के रूप में अपनाया जा सके। इसके बाद मुख्यमंत्री सम्मेलन स्थल पहुंचकर प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे।
प्रदर्शनी में मध्य प्रदेश के ओडीओपी उत्पाद, जीआई टैग हस्तशिल्प, पारंपरिक वस्त्र, औद्योगिक क्षमताएं और पर्यटन संभावनाएं प्रदर्शित की गई हैं, जो निवेशकों को आकर्षित करने का माध्यम बनेंगी। सम्मेलन के मुख्य सत्र में निवेश, औद्योगिक सहयोग और ओडीओपी आधारित अर्थव्यवस्था पर चर्चा होगी। साथ ही मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बीच विभिन्न क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर होने की संभावना है, जिससे औद्योगिक निवेश, कौशल विकास, हस्तशिल्प और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
टूरिज्म राउंड टेबल सत्र में वाराणसी, उज्जैन और चित्रकूट को जोड़ते हुए संयुक्त धार्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने पर भी विचार किया जाएगा, जिसमें आईआरसीटीसी समेत अन्य प्रमुख संस्थाओं की भागीदारी रहेगी। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री 'विक्रमोत्सव महानाट्य' के आयोजन स्थल का भी निरीक्षण करेंगे, जो 3 से 5 अप्रैल तक बीएलडब्ल्यू मैदान में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की भी संभावना है।
