नालंदा भगदड़ में हुई मौत पर राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया शोक, PMO ने किया मुआवजे का ऐलान, CM योगी बोले- हादसा दर्दनाक और पीड़ादायक 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

पटना। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को बिहार में नालंदा जिले के शीतला मंदिर में भगदड़ के कारण हुई आठ लोगों की दुखद मौत पर शोक जताया है। एक दिवसीय दौरे पर आज नालंदा पहुंची राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू ने कहा कि इस घटना में कई श्रद्धालुओं की मौत की खबर "अत्यंत दुखद" है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में ईश्वर से उनके परिवारों को सहन शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। 

राष्ट्रपति ने कहा कि सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदना है।उन्होंने इस घटना में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज सुबह नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत माधा स्थित शीतला मन्दिर के एक धार्मिक आयोजन के दौरान हुई भगदड़ में आठ महिला श्रद्धालुओं की मृत्यु हो गई और कई अन्य घायल हो गए। स्थानीय प्रशासन बचाव एवं राहत कार्यों में जुटा है, जबकि घायलों का इलाज नजदीकी अस्पतालों में चल रहा है।

पीएम मोदी ने जताया दुःख 

बिहार में हुई इस घटना आठ जानें ले ली। और कई घायल भी हो गए। पीएम मोदी के ऑफिसियल अकाउंट PMO से नांलदा हादसे पर दुःख जताते हुए कहा गया 'मैं अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं'. इसके अलावा पीएमएनआरएफ से घटना में मरने वाले मृतकों के परिजनों को 2 लाख मुआवजे और घायलों को 50,000 हजार का ऐलान भी किया है।

यूपी सीएम बोले- अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक  

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिहार के नालंदा स्थित श्री शीतला माता मंदिर में हुई भगदड़ की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस हादसे में श्रद्धालुओं का निधन अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। 

मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। उन्होंने माँ शीतला देवी से प्रार्थना करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति, परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

गौरतलब है कि मंगलवार सुबह नालंदा में शीतला अष्टमी के अवसर पर मंदिर में भारी भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मच गई। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 8 महिलाएं शामिल हैं।

अधिकांश की मौत भीड़ में दबने से मौके पर ही हो गई, जबकि एक व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है तथा घायलों का इलाज कराया जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।

ये भी पढ़ें : 
काशी में UP-MP का संगम : श्री काशी विश्वनाथ और उज्जैन महाकाल के बीच MoU, बेहतर प्रबंधन से होंगे सुगम दर्शन 

संबंधित समाचार