कानपुर : मार्च के आखिरी दिन ट्रेनों, स्टेशनों पर ताबड़तोड़ छापेमारी, बेटिकट यात्रियों में हड़कंप
कानपुर, अमृत विचार। रेलवे ने 31 मार्च को राजस्व बढ़ाने के लिए बेटिकट यात्रियों के खिलाफ पूरे कानपुर समेत पूरे उत्तर मध्य जोन में घेराबंदी करके ताबड़तोड़ छापेमारी की जिसमें कई यात्री बेटिकट पकड़े गये। सिर्फ झांसी मंडल में रेलवे ने बेटिकट यात्रियों से 5.35 लाख रुपये की वसूली की।
मंगलवार को उप यातायात प्रबंधक आशुतोष सिंह के दिशा निर्देशन में चेकिंग अभियान चलाया गया। कानपुर सेंट्रल स्टेशन, रावतपुर स्टेशन, अनवरगंज, गोविंदपुरी समेत कई स्टेशनों पर बेटिकट यात्रियों के विरुद्ध अभियान चला। इसी प्रकार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, नीलांचल एक्सप्रेस, नेता जी एक्सप्रेस, महाबोधि एक्सप्रेस, आगरा इंटरसिटी, प्रतापगढ़ इंटरसिटी, चित्रकूट एक्सप्रेस, कुशी नगर एक्सप्रेस, लखनऊ मेल समेत 100 से अधिक ट्रेनों में बेटिकट यात्रियों की तलाश में छापेमारी की गई।
उधर मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा की अगुवाई में भीमसेन से झांसी तक सचल दस्ते द्वारा ट्रेनों में चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी प्रकार विभिन्न स्टेशनों पर भी छापेमारी की गई। उत्तर मध्य जोन के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि ट्रेनों एवं स्टेशनों पर व्यापक जांच की गई। इस दौरान यात्रियों को नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया तथा वैध टिकट लेकर यात्रा करने की अपील की गई।
उन्होंने बताया कि कुल 5.35 लाख रुपये से अधिक का राजस्व वसूला गया। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान कुल 836 मामलों में कार्रवाई की गई जिससे 5,35,485 रुपये का राजस्व अर्जित हुआ इसमें बिना टिकट यात्रा के 449 मामले, अनियमित यात्रा के 340 मामले शामिल हैं। इसके अतिरिक्त अनबुक्ड लगेज, धूम्रपान एवं गंदगी फैलाने के मामलों में भी कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया।
