बाराबंकी : मस्जिद में मौलाना का युवती से दुष्कर्म का प्रयास, पीड़िता की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र स्थित धर्म विशेष के धार्मिक स्थल के भीतर मौलाना ने एक युवती से दुष्कर्म का प्रयास किया। इस दौरान वहां पहुंचे लड़कों ने इसका वीडियो बना लिया। विवाद बढ़ने पर परिजन जुटे तो निकाह होना तय हुआ हालांकि मौलाना बाद में इससे मुकर गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के एक गांव में की रहने वाली युवती ने पुलिस को बताया कि गांव में ही स्थित बड़ी मस्जिद के मौलाना मोहम्मद रेहान पुत्र अनवर ने सोमवार को देर रात उसे मस्जिद बुलाया और वहां पहुंचते ही वह अश्लील हरकतें करने लगा और उससे दुष्कर्म का प्रयास किया। उसने शोर मचाया तो उधर से गुजर रहे तीन युवकों ने पूरा वीडियो बना लिया। यह देख मौलाना ने तीनों लड़कों को बुलाकर तीन वीडियो डिलीट करा दिए।

मौलाना ने वादा किया कि वह युवती से निकाह कर लेगा। इस घटना की जानकारी पर मौलाना व युवती के परिजन जुट गए। निकाह की बात रखने पर मौलाना के पिता ने लेन देन की बात कही लेकिन युवती के पिता ने गरीबी का हवाला दिया, जिसके बाद मौलाना पक्ष ने निकाह से इंकार कर दिया।

इससे आहत युवती ने मंगलवार को थाना पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी, पुलिस ने तहरीर के आधार पर मौलाना व उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इस बारे में क्षेत्राधिकारी फतेहपुर जगतराम कनौजिया ने बताया कि दो साल से दोनों के बीच प्रेम संबंध चल रहे थे, लेकिन युवती ने जो आरोप लगाए, उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।

संबंधित समाचार