यूपी का कमाल: विशेष अभियान में बने 19.81 लाख नए आयुष्मान कार्ड, बरेली नंबर 1... 5.70 करोड़ का आंकड़ा पार
स्वास्थ्य सुरक्षा कवरेज बढ़ाने में प्रदेश ने बनाई बड़ी बढ़त
लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश ने आयुष्मान भारत योजना के तहत एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित कुमार घोष के अनुसार, विशेष अभियान के तहत अब तक 19.81 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जिससे प्रदेश देश में सबसे अधिक कार्ड बनाने वाला राज्य बन गया है।
प्रदेश में कुल आयुष्मान कार्डों की संख्या अब लगभग 5.70 करोड़ तक पहुंच गई है, जो स्वास्थ्य सुरक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। अभियान के दौरान कार्ड निर्माण में बरेली पहले स्थान पर रहा, जबकि आजमगढ़ दूसरे और जौनपुर तीसरे स्थान पर रहे। यह विशेष अभियान 25 नवंबर से 25 दिसंबर 2025 तक चलाया गया था। इसकी सफलता को देखते हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इसे 15 जनवरी से दोबारा शुरू करने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद से अभियान लगातार जारी है।
सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक पात्र परिवारों को इस योजना से जोड़कर उन्हें मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध कराना है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान के जरिए ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में भी तेजी से कार्ड बनाए जा रहे हैं, जिससे जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
