अयोध्या : श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के पंडाल में लगी भीषण आग, कोई जनहानि नहीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में रामनवमी के अवसर पर आयोजित एक महायज्ञ के दौरान शनिवार को यज्ञशाला में भीषण आग लग गई, जिससे पूरा पंडाल कुछ ही देर में आग की लपटों में घिर गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस के अनुसार यह आयोजन उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह द्वारा कराया जा रहा था। 

'श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ' की यज्ञशाला राम मंदिर से लगभग 800 मीटर की दूरी पर स्थित थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही क्षणों में आग ने मुख्य यज्ञशाला को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि यज्ञ के दौरान नारियल की 'महा-आहुति' देते समय हुए विस्फोट के कारण आग लगी। इस घटना के बाद दमकल की करीब एक दर्जन गाड़ियों को मौके पर भेजा गया, जिन्होंने आग पर काबू पाया। 

मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि यज्ञशाला में पहले से ही दमकल की गाड़ियां तैनात थीं, जिसने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया। अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर ने भी पुष्टि की कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और कोई हताहत नहीं हुआ। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, सरयू नदी के तट पर आयोजित इस महायज्ञ में 1,251 हवनकुंड स्थापित किए गए थे और यह अनुष्ठान का अंतिम दिन था। आग लगने के समय बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।  

हादसे की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने एक न्यूज एजेंसी को बताया, "यहां पर सरयू नदी कि किनारे एक महायज्ञ का आयोजन किया गया था। जिसमें हमें सूचना प्राप्त हुई कि एक पंडाल में आग लगी है। सूचना प्राप्त होते ही दमकल विभाग की गाड़ी को मौके पर भिजवाया गया और आग को नियंत्रण में लाया गया, किसी प्रकार की जनहानि, पशुहानि या अन्य हानि नहीं हुई है। यज्ञ समाप्त हो चुका है जिस कारण ये यज्ञशाला खाली पड़ी थी। कुल मिलाकर यहां जो आग की घटना हुई थी उसे समय रहते नियंत्रित किया गया। दमकल की गाड़ियां अपना कार्य कर रही हैं, स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी यहां मौजूद हैं। प्रशासन के लोग यहां पर मौजूद भीड़ से आग्रह कर रहे हैं कि वे यहां से प्रस्थान करें।"

संबंधित समाचार