अफवाहों पर सख्त योगी सरकार : कड़ी कार्रवाई की दी चेतवानी, कहा- ईधन की कोई कमी नहीं, अतिरिक्त खरीदारी से बचें आमजन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर योगी सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और कहीं भी किसी प्रकार की कमी नहीं है। प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद विभाग रणवीर प्रसाद ने बताया कि सभी जिलों में मांग के अनुसार पेट्रोल और डीजल उपलब्ध कराया जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ भ्रामक संदेश फैलाकर लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा की जा रही है, जबकि हकीकत में ऐसी कोई समस्या नहीं है। सरकार ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में अतिरिक्त खरीदारी से बचें। प्रशासन का कहना है कि अनावश्यक भंडारण से आपूर्ति व्यवस्था पर दबाव बढ़ता है, जिससे अनावश्यक दिक्कतें उत्पन्न हो सकती हैं।

प्रदेश सरकार ने यह भी चेतावनी दी है कि भ्रामक जानकारी फैलाने वाले शरारती तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी जिलों के प्रशासन को पेट्रोल पंपों की स्थिति पर लगातार नजर रखने और आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। तेल कंपनियों के साथ समन्वय बनाकर अतिरिक्त आपूर्ति की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी स्थिति में आम जनता को परेशानी का सामना न करना पड़े। 

इस बीच, लखनऊ पेट्रोल डीलर एसोसिएशन के सदस्य एवं एसआर फिलिंग स्टेशन (इंजीनियरिंग कॉलेज) के मालिक सर्वेश वाजपेई ने भी भरोसा दिलाया है कि पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि सभी पेट्रोल पंप 24 घंटे सुचारू रूप से संचालित हो रहे हैं और लोगों को घबराने या ईंधन का भंडारण करने की कोई आवश्यकता नहीं है। सरकार ने दोहराया है कि आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है और प्रदेश में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।  

संबंधित समाचार