सुलतानपुर में पुलिस मुठभेड़ में गौकशी के 3 आरोपी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

सुलतानपुर, अमृत विचार। गोसाईगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में गौकशी के एक मामले में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयसिंहपुर में भर्ती कराया गया है। मंगलवार की रात संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर टीम सक्रिय हुई। 

बताया गया कि तीन व्यक्ति मोटरसाइकिल से इटकौली जंगल की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपियों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक आरोपी के पैर में जा लगी, जिससे वह घायल हो गया।

घायल आरोपी की पहचान सिरवारा शरीकपुर निवासी अफरोज के रूप में हुई है। उसके साथ पकड़े गए अन्य दो आरोपियों में मो. गुलफाम उर्फ मो. इमरान निवासी सिरवारा और आजाद निवासी फतेहपुर संगत शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से दो अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि तीनों आरोपी गौकशी के मामले में वांछित थे। अफरोज पर 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि गुलफाम पर भी दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें :
‘कवच’ से लैस की जाएंगी पूर्वोत्तर रेलवे, चरणबद्ध तरीके से रूटों और लोको शेड में किया जाएगा स्थापित

संबंधित समाचार