Moradabad: लापरवाही दो चौकी इंचार्जों को पड़ी भारी...एसएसपी ने किया निलंबित
मुरादाबाद, अमृत विचार। पाकबड़ा थाना क्षेत्र की हकीमपुर चौकी पर तैनात चौकी इंचार्ज अंकित कुमार प्रजापति को कार्य में लापरवाही बरतने के चलते वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बुधवार को निलंबित कर दिया। मझोला के लाइनपार चौकी इंचार्च पर भी निलंबन की गाज गिरी है।
बताया जाता है कि गुरहेट गांव निवासी उपेंद्र ने जमीन से जुड़े एक मामले में पाकबड़ा चौकी इंचार्ज को शिकायती पत्र दिया था, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। शिकायत में उपेंद्र ने आरोप लगाया था कि उनके चाचा द्वारा वर्ष 2022 में बेची गई जमीन के बदले खरीददार अमित कुमार ने भुगतान नहीं किया। कार्रवाई न होने से नाराज उपेंद्र ने इसकी शिकायत पुलिस अधिकारियों से की। जिस पर एसएसपी ने मामले की जांच सीओ हाईवे राजेश यादव को सौंपी।
जांच में चौकी इंचार्ज पर लगाए गए आरोप सही पाए गए। इस पर एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से अंकित कुमार प्रजापति को निलंबित कर दिया।वहीं मझोला थाने के लाइनपार चौकी इंचार्ज शिवम वशिष्ठ के क्षेत्र में काफी लंबे समय से देह व्यापार का धंधा संचालित था। आसपास के रहने वाले लोगों ने जिसकी सूचना वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दी थी। जिस पर एसएसपी ने थाना के प्रभारी निरीक्षक आरपी सिंह को बुद्धि विहार स्थित एक किराए के मकान में संचालित सेक्स रैकेट मे लिप्त लोगों को पकड़ने का निर्देश दिया था। जिसमें दो महिलाओं समेत 8 लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेजा था। मामले में कार्यों के प्रति गंभीर लापरवाही मानते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने लाइनपार चौकी इंचार्ज शिवम वशिष्ठ को भी निलंबित कर दिया।
