12 वीं के बाद : कॉमर्स स्टूडेंट्स के लिए कौन-सा कोर्स बेहतर

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

कॉमर्स स्ट्रीम से 12 वीं पास करने के बाद छात्रों के सामने सबसे बड़ा सवाल होता है—सीए (चार्टर्ड) या सीएस (कंपनी सेक्रेटरी), आखिर कौन-सा कोर्स चुनें? दोनों ही प्रोफेशनल कोर्स हैं और देश में काफी प्रतिष्ठित माने जाते हैं। इनमें करियर की अच्छी संभावनाएं, आकर्षक वेतन और सम्मानजनक पहचान मिलती है। हालांकि दोनों की पढ़ाई, कार्यक्षेत्र और करियर की दिशा अलग-अलग होती है, इसलिए सही चुनाव आपकी रुचि और लक्ष्य पर निर्भर करता है।

क्या है चार्टर्ड अकाउंटेंट 

सीए कोर्स भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (आईसीएआई) द्वारा संचालित किया जाता है। यह कोर्स फाइनेंस और अकाउंटिंग क्षेत्र में विशेषज्ञता प्रदान करता है। इसमें अकाउंटिंग, टैक्सेशन, ऑडिटिंग, कॉस्टिंग और फाइनेंशियल मैनेजमेंट जैसे विषय शामिल होते हैं। सीएस बनने के बाद आप ऑडिट फर्म, बैंक, मल्टीनेशनल कंपनियों  या खुद की प्रैक्टिस शुरू कर सकते हैं। भारत में सीए की काफी डिमांड रहती है, खासकर टैक्स प्लानिंग और ऑडिटिंग के क्षेत्र में।

सैलरी और करियर ग्रोथ

शुरुआती वेतन आमतौर पर 6 से 8 लाख रुपये प्रति वर्ष होता है, जो अनुभव के साथ 15 से 25 लाख या उससे अधिक तक पहुंच सकता है। बड़े शहरों और कॉर्पोरेट सेक्टर में यह और भी ज्यादा हो सकता है।

क्या है कंपनी सेक्रेटरी

सीएस कोर्स भारतीय कम्पनी सचिव संस्थान (आईसीएसआई) द्वारा संचालित किया जाता है। यह कोर्स मुख्य रूप से कंपनी कानून, कॉर्पोरेट गवर्नेंस और लीगल कंप्लायंस पर आधारित होता है। सीएस प्रोफेशनल किसी कंपनी के कानूनी मामलों, नियमों के पालन और बोर्ड मीटिंग्स से जुड़े कामों को संभालता है। यह भूमिका किसी भी कंपनी में बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है।

सैलरी और करियर ग्रोथ

सीएस के लिए शुरुआती वेतन लगभग 4 से 7 लाख रुपये प्रति वर्ष होता है। अनुभव बढ़ने पर यह 12 से 20 लाख रुपये या उससे अधिक तक पहुंच सकता है। बड़ी कंपनियों और लिस्टेड कंपनियों में इसकी डिमांड ज्यादा होती है।

सीए vs सीएस: मुख्य अंतर

•    फोकस एरिया:

सीए में फाइनेंस, अकाउंट और टैक्सेशन पर ध्यान होता है, जबकि CS में कंपनी लॉ और कॉर्पोरेट गवर्नेंस पर। 

•    कार्य क्षेत्र:

सीए वित्तीय सलाह, ऑडिट और टैक्सेशन में काम करता है, जबकि सीएस कंपनी के लीगल और कंप्लायंस मामलों को संभालता है। 

•    कठिनाई स्तर:

सीए कोर्स आमतौर पर अधिक कठिन और समय लेने वाला माना जाता है, जबकि सीएस अपेक्षाकृत कम समय में पूरा किया जा सकता है (हालांकि यह भी आसान नहीं है)। 

•    वर्क प्रोफाइल:

सीए का काम अधिकतर नंबर और फाइनेंस से जुड़ा होता है, जबकि सीएस का काम मीटिंग्स, लीगल डॉक्यूमेंट और कॉर्पोरेट निर्णयों से संबंधित होता है। 
कौन-सा कोर्स चुनें?

यदि आपकी रुचि गणित, अकाउंटिंग और फाइनेंस में है, तो सीए आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकता है। वहीं यदि आपको कानून, कंपनी के नियम और मैनेजमेंट से जुड़ी चीजें पसंद हैं, तो सीएस चुनना सही रहेगा।

सीए और सीएस दोनों ही शानदार करियर विकल्प हैं। सही चुनाव वही है, जो आपकी रुचि, क्षमता और भविष्य के लक्ष्य के अनुरूप हो। किसी भी कोर्स को चुनने से पहले उसकी पढ़ाई, कठिनाई और करियर संभावनाओं को अच्छे से समझ लेना जरूरी है।

संबंधित समाचार