रॉयल एनफील्ड की नई गुरिल्ला-450 स्मार्ट और स्पोर्टी
मिडसाइज मोटरसाइकल सेगमेंट में दुनिया की नंबर एक कंपनी रॉयल एनफील्ड ने देश में अपनी नई गुरिल्ला-450 लॉन्च कर दी है। यह अपडेटेड मॉडल बाइक हिमालयन 450 वाले दमदार प्लेटफॉर्म पर आधारित है, लेकिन इसे सड़क पर तेज और आरामदायक राइडिंग के लिए डिजाइन किया गया है। कंपनी ने ग्राहकों के फीडबैक को ध्यान में रखते हुए इसमें कई सुधार करके इस बाइक को पहले से ज्यादा आधुनिक बना दिया है। नया मॉडल ज्यादा अग्रेसिव लुक और बेहतर टायरों के साथ नई खूबियों से लैस है। इसमें पीछे की सीट पर एक सीट काउल दिया गया है, जिसे हटाकर आप पीछे सवारी बैठा सकते हैं।
इस बार कंपनी ने लाइनअप में एक नया एपेक्स वेरिएंट भी जोड़ा है। यह उन लोगों के लिए है जिन्हें स्पोर्टी लुक और आक्रामक राइडिंग पोजीशन पसंद है। यह खासतौर पर उन युवाओं को आकर्षित करेगा जो शहर के भीतर एक पावरफुल और स्टाइलिश बाइक चलाना चाहते हैं। गुरिल्ला 450 की एक्स-शोरूम कीमत 2.49 लाख रुपये से 2.72 लाख रुपये के बीच रखी गई है। इसे चार मुख्य वेरिएंट्स एनालॉग, डैश, फ्लैश और एपेक्स में पेश किया गया है। बाइक की बुकिंग शुरू हो चुकी है और बिक्री 31 मार्च से शुरू करने के लिए कहा जा रहा है।
केटीएम 350 ड्यूक और एडवेंचर अगले माह होंगी लॉन्च
आस्ट्रियाई मोटरसाइकिल ब्रांड केटीएम एक बार फिर बाइक बाजार में हलचल मचाने को तैयार है। नई केटीएम 350 ड्यूक और 350 एडवेंचर अगले माह लॉन्च होने वाली है। देश में 350 सीसी इंजन वाली मोटरसाइकिलों की मांग पिछले साल लागू किए गए संशोधित जीएसटी ढांचे के कारण अचानक बढ़ी है। नए कर कानूनों में 350 सीसी से अधिक इंजन क्षमता वाली मोटरसाइकिलों को विलासिता की वस्तु माना जाता है, और उन पर 40 फीसदी कर लगता है, जबकि 350 सीसी या उससे कम इंजन क्षमता वाली मोटरसाइकिलों पर 18 फीसदी कर देय है। केटीएम 390 ड्यूक में 399 सीसी का इंजन लगा होने से यह 40 फीसदी कर के दायरे में आती है। ऐसे में इंजन का डिस्प्लेसमेंट घटाकर 350 सीसी से थोड़ा नीचे लाकर केटीएम ने कर में 22 फीसदी की बचत की है।
इससे कंपनी को कीमतों के मामले प्रतिस्पर्धी रुख अपनाने का मौका मिला है। कंपनी का कहना है कि दमदार परफॉर्मेंस बनाए रखकर, लागत कम की है। फिलहाल एक्स शो रूम कीमत 2.60 लाख से 2.80 लाख कर होना संभावित है। कंपनी का दावा है कि पॉवर क्षमता कम होने के बावजूद ये बाइक्स दिखने और चलाने में मौजूदा 390सीसी बाइक्स से काफी मिलती-जुलती होंगी। कंपनी स्टाइल, आक्रामक लुक और दमदार इंजन की खूबियां बरकरार रहने का भरोसा दिला रही है। बस इंजन का आकार थोड़ा छोटा (शॉर्ट स्ट्रोक) होगा, लेकिन केटीएम का मूल अनुभव बरकरार रहेगा। माना जा रहा है कि केटीएम ड्यूक 350 एडवेंचर बाइक प्रेमियों के लिए वह बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती है, जिसकी उन्हें जरूरत थी।
