लखनऊ में सीएम योगी से मिले उद्योगपति गौतम अदाणी, बोले-‘भविष्य निर्माण में सहयोग’, UP के परिवर्तन में योगदान देने पर गर्व

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ। उद्योगपति गौतम अदाणी ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और राज्य के महत्वाकांक्षी आर्थिक विकास लक्ष्यों के लिए समर्थन व्यक्त किया। अदाणी समूह के चेयरमैन ने बृहस्पतिवार को हुई इस बैठक के बाद सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर इसकी जानकारी दी और उत्तर प्रदेश को बड़ा आर्थिक केंद्र बनाने के मुख्यमंत्री के दृष्टिकोण की सराहना की। अदाणी ने आदित्यनाथ द्वारा प्रस्तुत उस एक खाके का उल्लेख किया जिसके तहत उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 2030 तक 1000 अरब अमेरिकी डॉलर और 2047 तक 6000 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। 

अदाणी ने लिखा, '' कुछ दृष्टिकोण राष्ट्रों को नया आकार देते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को विकसित उत्तर प्रदेश का खाका प्रस्तुत करते हुए सुनना अविस्मरणीय क्षण था। 2030 तक 1000 अरब डॉलर और 2047 तक 6000 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था.. यह इस बात की घोषणा है कि उत्तर प्रदेश क्या बनने में सक्षम है।'' 

उन्होंने कहा, '' अदाणी समूह बिजली, रक्षा, हवाई अड्डों, लॉजिस्टिक्स, औद्योगिक पार्क और डेटा सेंटर जैसे प्रमुख क्षेत्रों में निवेश के जरिये उत्तर प्रदेश के परिवर्तन के सफर में योगदान देने पर गर्व महसूस करता है। हम इस भविष्य के निर्माण में सहयोग करने के लिए मौजूद हैं।'' इससे पहले बृहस्पतिवार को दिन में अदाणी ने अपनी पत्नी प्रीति अदाणी, बेटे करण अदाणी और बहू परिधि अदाणी के साथ हनुमान जयंती के अवसर पर अयोध्या के राम मंदिर में पूजा-अर्चना की थी। 

रामलला के समक्ष नतमस्तक हुए उद्योगपति गौतम अदानी

हनुमान जयंती के पावन अवसर पर गुरुवार को देश के प्रमुख उद्योगपति गौतम अदानी अपने निजी विमान से गुरुवार सुबह करीब नौ बजे महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर पहुंचे। वहां से सड़क मार्ग से वह पहले श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे। परिवार के साथ रामलला के दरबार में अपनी श्रद्धा समर्पित की। मंदिर के प्रथम तल पर स्थित राम दरबार व द्वितीय तल पर स्थापित श्रीराम महायंत्र की भी पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह गुरुकुल महाविद्यालय गए, वहां उन्होंने हवन-पूजन कर विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने उचित सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।

भारत की संस्कृति, एकता का प्रतीक है राम मंदिर : अदानी

गुरुकुल महाविद्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि श्रीराम मंदिर के दर्शन उनके और उनके परिवार के लिए अत्यंत भावुक और गौरवपूर्ण क्षण है। यह मंदिर केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति, एकता और आत्मविश्वास का प्रतीक है। भगवान श्रीराम के आदर्श हमें सत्य, कर्तव्य और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। 

उन्होंने रामलला से प्रार्थना की कि उनका आशीर्वाद सभी पर बना रहे और देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े। गुरुकुल में बिताए समय को विशेष बताते हुए उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक दौर में भी गुरुकुल हमारी संस्कृति को जीवित रखने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। अडानी फाउंडेशन के माध्यम से इस परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने “जय श्री राम” का उद्घोष करते हुए अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।

ये भी पढ़ें :
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस हादसा, कई यात्री घायल: लोनी कटरा क्षेत्र में पलटी बस, दिल्ली से बिहार जा रहे थे सवार

संबंधित समाचार