Bareilly : सड़क पर मलबा छोड़ा तो खैर नहीं, जुर्माना के साथ जब्त होगा माल

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

नगर निगम ने आय बढ़ाने और शहर चमकाने को बनाया मेगा प्लान

बरेली, अमृत विचार। शहर को स्वच्छ बनाने और नगर निगम की आय बढ़ाने के उद्देश्य से नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कंस्ट्रक्शन एंड डेमोलिशन (सीएंडडीएस) वेस्ट के खिलाफ कड़ा अभियान चलाने का निर्णय लिया है। यदि किसी भी मुख्य मार्ग या गली में अवैध रूप से मलबा पड़ा पाया गया, तो उसे तत्काल जब्त कर लिया जाएगा। गुरुवार को मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी के साथ हुई समीक्षा बैठक में इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की है।

नई व्यवस्था के तहत पूरे बरेली शहर को चार जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी सहायक अभियंता, अवर अभियंता और सुपरवाइजरों की टीम को सौंपी गई है। ये टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त करेंगी और उल्लंघन कर्ताओं के खिलाफ मौके पर ही जुर्माने की रसीद काटेंगी। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को विशेष रसीद बुक जारी कर दी गई है। नगर निगम की योजना है कि जब्त किए गए मलबे और वेस्ट मटेरियल से निगम की ओर से कराए जा रहे अन्य निर्माण कार्यों और गड्ढा भरने जैसे कामों में फिर से उपयोग किया जाए। अभियान की सफलता के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जाएगा। नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग को सख्त निर्देश दिए हैं कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दावा किया कि इस मुहिम से न केवल सड़कों पर होने वाले अतिक्रमण में कमी आएगी, बल्कि निर्माण सामग्री से उड़ने वाली धूल से होने वाले प्रदूषण पर भी लगाम लगेगी।

संबंधित समाचार