लखनऊ STF की बड़ी कार्रवाई : 50 हजार का इनामी डकैत गिरफ्तार, कई मामलों में फरार चल रहा था आरोपी
लखनऊ, अमृत विचार: एसटीएफ ने डकैती और लूट के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश शिवम सिंह उर्फ आर्यन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को बस्ती के छावनी से दबोचा गया। उसके खिलाफ अयोध्या के बीकापुर थाने में दर्ज डकैती के मामले में कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। एसटीएफ के डिप्टी एसपी प्रमेश कुमार शुक्ला के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी शिवम सिंह उर्फ आर्यन बस्ती के परशुरामपुर का रहने वाला है।
वह लंबे समय से डकैती के मामले में फरार चल रहा था। एसटीएफ को सूचना मिली कि आरोपी बस्ती के छावनी इलाके में कई दिनों से सक्रिय है। गुरुवार देर शाम को घेराबंदी कर अमौनी नहर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका एक संगठित गिरोह है, जो अपहरण, फिरौती, डकैती और लूट जैसी वारदातों को अंजाम देता है।
आरोपी ने स्वीकार किया कि वर्ष 2022 में गोंडा जिले के छपिया में एक व्यापारी के अपहरण की वारदात में वह शामिल था। जिसमें 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। इस मामले में वह पहले जेल भी जा चुका है। एसटीएफ के अनुसार, शिवम ने सितंबर 2025 में अयोध्या के बीकापुर क्षेत्र में एक बाइक सवार से लूट की वारदात को भी अंजाम दिया था, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। वह लगातार ठिकाने बदल रहा था।
