दिल्ली पुलिस की पूर्व SI कविता माथुर दोषी करार! सीनियर अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर और धमकी भरे SMS का मामला साबित

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नई दिल्लीः राष्ट्रीय राजधानी की द्वारका अदालत ने दिल्ली पुलिस की पूर्व उपनिरीक्षक कविता माथुर को चार्जशीट पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर करने और एक वरिष्ठ अधिकारी को धमकी भरा एसएमएस भेजने का दोषी करार दिया है। यह मामला साल 2015 में किये गये अपराधों से संबंधित है, जब कविता पालम गांव पुलिस थाने में तैनात थीं।

अदालत के फैसले के अनुसार, जांच अधिकारी के रूप में काम करते हुए कविता ने पालम गांव थाने की कई प्राथमिकियों की अंतिम रिपोर्ट या चार्जशीट पर तत्कालीन सहायक पुलिस आयुक्त एम हर्ष वर्धन के फर्जी हस्ताक्षर किये थे। उन पर प्राथमिकी नंबर 224/14 और 276/14 की अंतिम रिपोर्ट पर तत्कालीन थाना प्रभारी निवती एम कश्यप के हस्ताक्षर भी जाली तरीके से करने और बाद में उन दस्तावेजों को संबंधित अदालत में पेश करने का आरोप था।

इसके अलावा 23 जुलाई 2015 को कविता ने अपने मोबाइल फोन से एसीपी हर्षवर्धन के सरकारी मोबाइल नंबर पर एक एसएमएस भेजा था, जिसमें लिखा था, "सर, मैंने बहुत कोशिश की कि मैं सब बातों का सामना करूं, लेकिन ये मेरे लिए बहुत मुश्किल रहा… मैं किसी को फेस नहीं कर पा रही हूं... मैंने आपका साइन कर कोई मामला रद्द नहीं करवाया... सब लोग मुझे अजीब तरीके से देख रहे हैं… मैं अदालत के समक्ष नहीं कर पा रही... मेरा सारा करियर आपकी एफआईआर ने खत्म कर दिया... मैं सुसाइड कर रही हूं..."अदालत ने माना कि यह संदेश डराने के इरादे से दी गयी 'आपराधिक धमकी' थी। इसका उद्देश्य अधिकारी को डराना और उन्हें मामले की पैरवी करने से रोकना था।

अदालत ने देखा कि जब निरीक्षक मीना यादव ने आरोपी से फर्जी हस्ताक्षरों के बारे में पूछताछ की, तो उसने चार्जशीट का आखिरी पन्ना फाड़ दिया, जिस पर जांच अधिकारी (आईओ), एसएचओ और एसीपी के हस्ताक्षर थे, साथ ही कहा, "जो हो सकता है वो कर लो और जो करना है कर लेना।"

आरोपी ने खुद को निर्दोष बताया और झूठे फंसाये जाने का दावा किया। उसने बचाव पक्ष की ओर से कोई सबूत पेश नहीं करने का विकल्प चुना। अदालत ने पाया कि अभियोजन पक्ष ने बिना किसी संदेह के अपना मामला साबित कर दिया है और कविता को सभी आरोपों में दोषी करार दिया। अब इस मामले में सजा सुनाने के लिए अलग सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया है।

संबंधित समाचार