यूपी के ऐतिहासिक स्थलों की चहारदीवारी को 5 करोड़ जारी, अतिक्रमण से बचेंगे संरक्षित पुरास्थल
नटवाडीह टीला की चहारदीवारी के लिए डेढ़ करोड़ रुपये जारी
लखनऊ, अमृत विचार: राज्य सरकार ने ऐतिहासिक और संरक्षित पुरास्थलों के संरक्षण के लिए बड़ा कदम उठाया है। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग ने चार जिलों में स्थित संरक्षित पुरास्थलों की चहारदीवारी निर्माण के लिए 9.07 करोड़ रुपये की स्वीकृत परियोजनाओं के सापेक्ष 5.02 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त की है। सरकार का उद्देश्य पुरास्थलों को सुरक्षित रखना और अतिक्रमण से बचाना है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने सोमवार को बताया कि लखनऊ स्थित नटवाडीह का टीला के लिए 2.05 करोड़ रुपये की परियोजना के सापेक्ष 1.51 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इसी तरह सीतापुर के मनवाडीह टीला के लिए 3.54 करोड़ लाख रुपये के सापेक्ष 1.7 करोड़ रुपये अवमुक्त किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सुलतानपुर में इटिहवा नामक प्राचीन कस्बे के अवशेषों की सुरक्षा के लिए चहारदीवारी निर्माण के लिए दो करोड़ 26 लाख 99 हजार रुपये की परियोजना के सापेक्ष 1.13 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। वहीं संतकबीरनगर के खलीलाबाद स्थित कोट समयमाई का टीला के लिए एक करोड़ 20 लाख 13 हजार रुपये के सापेक्ष 60.06 लाख रुपये अवमुक्त किए गए हैं। जयवीर सिंह ने उबताया कि कार्यदायी संस्था को 31 मार्च 2026 तक धनराशि उपलब्ध करा दी गई है, जिससे निर्माण कार्य तेजी से पूरा कराया जा सके।
ये भी पढ़ें :
रायबरेली कोर्ट में राहुल गांधी के खिलाफ परिवाद दायर, पीएम मोदी और अमित शाह पर अभद्र टिप्पणी का आरोप
