बहराइच में जाली करेंसी गिरोह का भंडाफोड़, पुलिस ने चार को किया गिरफ्तार
बहराइच। उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले की खैरीघाट थाना पुलिस ने जाली करेंसी तैयार कर बाजार में खपाने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि चार अप्रैल की सुबह करीब 2:20 बजे मुखबिर की सूचना पर गुजरातीपुरवा मोड़ के पास घेराबंदी कर चार संदिग्ध युवकों को पकड़ा गया। पूछताछ में उनकी पहचान हरिराम लोध (42), अर्जुन (19), गुरुचरन सिंह उर्फ विजय (44) और सलीम उर्फ सूरज (35) के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 500-500 रुपये के 23 जाली नोट (कुल 11,500 रुपये), एक प्रिंटर मशीन और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। थानाध्यक्ष खैरीघाट आनंद सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी गुरुचरन सिंह उर्फ विजय के खिलाफ पहले से भी मारपीट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
