LU में बीसीए-बीकॉम एडमिशन के लिए नई योग्यता जारी, जानें क्या है नया नियम
लखनऊ, अमृत विचार: लखनऊ विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीसीए और बीकॉम एनईपी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए न्यूनतम पात्रता निर्धारित कर दी है। इस संबंध में प्रवेश प्रकोष्ठ की ओर से जारी अधिसूचना में दोनों पाठ्यक्रमों के लिए अलग-अलग योग्यता मानक तय किए गए हैं। प्रवेश समन्वयक प्रोफेसर अनित्य गौरव ने बताया कि बीसीए पाठ्यक्रम में आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी को इंटरमीडिएट या समकक्ष परीक्षा विज्ञान वर्ग या कंप्यूटर से संबंधित विषयों के साथ उत्तीर्ण होना आवश्यक होगा।
अभ्यर्थी के पास कंप्यूटर या इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, कंप्यूटर एप्लीकेशन, इंफॉर्मेशन प्रैक्टिसेज, कंप्यूटर टेक्नोलॉजी एंड मेंटेनेंस, आईटीईएस, एआई या रोबोटिक्स जैसे विषयों में से कम से कम एक विषय होना अनिवार्य किया गया है। साथ ही सामान्य और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक और एससी-एसटी वर्ग के लिए 45 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। वहीं, बीकॉम एनईपी पाठ्यक्रम के लिए इंटरमीडिएट किसी भी विषय से उत्तीर्ण अभ्यर्थी प्रवेश के लिए पात्र होंगे। इसमें सामान्य और ओबीसी वर्ग के लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत और एससी एसटी एवं दिव्यांग वर्ग के लिए 36 प्रतिशत अंक अनिवार्य किए गए हैं।
