बाराबंकी समाधान दिवस : 454 शिकायतें आईं, 57 का मौके पर निस्तारण, बिना सूचना नदारद अधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश
बाराबंकी, अमृत विचार। शनिवार को तहसील रामसनेहीघाट में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी अनुराग सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवधेश यादव, क्षेत्राधिकारी पुलिस, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक सहित समस्त जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया। उन्होंने निर्देश दिए कि भूमि विवाद, चकमार्ग, राशन कार्ड, पेंशन व आवास से जुड़े मामलों को प्राथमिकता पर निपटाया जाए। तहसील सिरौलीगौसपुर में आयोजित समाधान दिवस से बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर अधिशासी अभियंता (प्रांतीय खंड) का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया।
वहीं अतिक्रमण, सड़क अनुरक्षण और भूमि विवाद से जुड़ी शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह में जांच कर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जनपद की सभी तहसीलों में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अंतर्गत कुल 454 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 57 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
तहसील रामसनेहीघाट में 121 प्रार्थना पत्रों में से 19, नवाबगंज में 131 में से 15, सिरौलीगौसपुर में 18 में से 8, रामनगर में 72 में से 5, फतेहपुर में 34 में से 7 तथा हैदरगढ़ में 73 में से 3 शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थना पत्रों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
