11.30 करोड़ की लागत से बनेगा तमसा नदी पर पुल... विधायक ने किया भूमि पूजन, वर्ष 2027 तक निर्माण पूर्ण करने का लक्ष्य
अयोध्या, अमृत विचार : बीकापुर के नेवादा-बिबियापुर मार्ग पर तमसा नदी पर बनने वाले नए पुल का भूमि पूजन क्षेत्रीय विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान ने किया। इस महत्वपूर्ण परियोजना की अनुमानित लागत 11.30 करोड़ रुपये है, जिसमें शासन की ओर से 5.65 करोड़ की धनराशि जारी कर दी गई है। इसे वर्ष 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रस्तावित पुल दो-लेन का होगा, जिसकी चौड़ाई 7.50 मीटर और लंबाई लगभग 80 मीटर होगी। यह पुल न केवल आवागमन को सुगम बनाएगा, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में भी अहम भूमिका निभाएगा। यह पुल नंदीग्राम-भदरसा मार्ग को दर्शननगर- भरतकुंड मार्ग से जोड़ेगा। साथ ही, पिपरी-जलालपुर माफी संपर्क मार्ग के जरिए एनएच स्थित दशरथपुर गांव तक कनेक्टिविटी को भी मजबूत करेगा। इससे नेवादा, भावापुर, तारडीह, गजरी, जेरुआ, बनकटवा, इछौरी, मूसेपुर, कल्याण भदरसा और भदरसा बाजार सहित करीब 20 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा।
विधायक ने बताया कि इस पुल से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी। उन्होंने बाबूरिया से भरतकुंड संपर्क मार्ग के लिए 36 करोड़ रुपये की सड़क परियोजना का भी उल्लेख किया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर भाजपा नेताओं के साथ स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद रहे।
