लखीमपुर में भीषण सड़क हादसाः ट्रक-मैजिक की भिड़ंत, 9 लोगों की मौत
लखीमपुरः उत्तर प्रदेश के लखीमपुर से एक बहुत ही दर्दनाक खबर सामने आ रही है। लखीमपुर-बहराइच नेशनल हाईवे 730 के ईसानगर के उचगाव भरेहता रोड पर आज सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया है। एक तेज रफ्तार ट्रक और सवारी गाड़ी 'मैजिक' के बीच हुई इस जोरदार भिड़ंत में 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। इस हादसे से पूरा इलाका सिहर गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना पर दुख जताया है।
हादसे का शिकार हुए ये सभी लोग मजदूर बताए जा रहे हैं। मरने वालों में 7 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, यह दिल दहला देने वाला हादसा आज सुबह करीब 8 बजे हुआ। हादसा इतना भयानक था कि टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग कांप उठे और आनन-फानन में पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
सभी घायलों को तुरंत नजदीकी सीएचसी (CHC) खमरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 8 लोगों को मृत घोषित कर दिया। बाकी घायलों का इलाज फिलहाल अस्पताल में चल रहा है, जिनमें से कुछ की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
कहते हैं कि मजदूरी करके पेट पालने वाले इन बेबस लोगों को क्या पता था कि चंद रुपयों की कमाई के बाद, अपने परिवार से मिलने की उनकी यह आखिरी यात्रा साबित होगी। पुलिस के मुताबिक, मैजिक में सवार ये सभी यात्री लखीमपुर में मजदूरी का काम खत्म करके अपने गांव नानपारा वापस लौट रहे थे। मैजिक गाड़ी लखीमपुर से सिसैया की तरफ जा रही थी, तभी बहराइच की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे सामने से टक्कर मार दी।
अपने घर पहुंचने से चंद किलोमीटर पहले ही इन मासूम मजदूरों की जिंदगी का सफर हमेशा-कदमेश के लिए थम गया। फिलहाल पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद है और मृतकों की शिनाख्त करने की कोशिश की जा रही है ताकि उनके परिजनों को सूचित किया जा सके।
