UP: बिलासपुर में भीषण सड़क हादसे में 9 वीं कक्षा के छात्र की मौत
बिलासपुर, अमृत विचार। गांव हामिदाबाद में बाइक चालक ने सड़क किनारे चल रहे नौंवी के छात्र को पीछे से लापरवाही से जोरदार टक्कर मार दी। जिसके चलते वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सीएचसी ले जाते समय उसकी रास्ते में मौत हो गई। जबकि बाइक चालक भी घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
गांव रामवीर सागर का 15 वर्षीय पुत्र देव सागर गांव नवाबगंज स्थित एक इंटर कालेज में कक्षा नौंवी छात्र था। बताया जाता है कि रविवार की सवेरे साढ़े बजे वह किसी काम से जा रहा था। इस दौरान बाइक चालक ने पीछे से छात्र को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे छात्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की चीख-पुकार पर आस-पास के लोगों समेत राहगीरों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। साथ ही घायल छात्र के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
बाद में गंभीर रूप घायल छात्र को उपचार के लिए सीएचसी ले जाते समय उसकी रास्ते में मौत हो गई। वहीं चिकित्सकों द्वारा छात्र को मृत घोषित किए जाने पर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। सूचना पर उपनिरीक्षक केशू शर्मा पुलिस कर्मियों के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। साथ ही दुर्घटना में बाइक चालक अजय भी घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए भर्ती कराया गया। प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कहा कि तहरीर मिलने पर ही आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
