बाराबंकी : जय दुर्गा माँ स्वयं सहायता समूह को मिली जिम्मेदारी, खुली बैठक में किया गया राशन की दुकान का चयन, लंबे समय से थी रिक्त

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मसौली/बाराबंकी, अमृत विचार। ग्राम पंचायत मसौली में लंबे समय से रिक्त चल रही सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकान का चयन सोमवार को रफी मेमोरियल स्कूल में आयोजित खुली बैठक में किया गया। बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान नजमा अंसारी ने की। चयन के बाद दुकान संचालन की जिम्मेदारी जय दुर्गा माँ स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सौंपी गई।

दरअसल करीब 6 माह पूर्व कोटेदार राधेलाल बौद्ध की दुकान में अनियमितता पाए जाने पर कोटा निरस्त कर दिया गया था, जिसके बाद कार्डधारकों को साधन सहकारी समिति की दुकान से संबद्ध किया गया था। उपजिलाधिकारी नवाबगंज के आदेश पर आयोजित बैठक में ग्राम पंचायत की 16 महिला स्वयं सहायता समूहों को आमंत्रित किया गया, जिनमें से 8 समूहों ने प्रतिभाग किया।

बैठक में पूर्व से गौरी स्वयं सहायता समूह को सार्वजनिक शौचालय संचालन तथा श्री कृष्ण स्वयं सहायता समूह को ड्राई राशन की जिम्मेदारी दी जा चुकी है। वरीयता क्रम के आधार पर बजरंग बली, लक्ष्मी, शिवशंकर, सरस्वती और संतोषी स्वयं सहायता समूह के चयन न होने पर अंततः जय माता दुर्गे (जय दुर्गा माँ) स्वयं सहायता समूह को सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकान संचालन की जिम्मेदारी प्रदान की गई।

इस मौके पर प्रभारी सहायक विकास अधिकारी पंचायत संजीव कुमार सिंह, प्रधान प्रतिनिधि मुईन अंसारी तथा समूह अध्यक्ष सुनीता देवी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था में कस्बा इंचार्ज अभय गुप्ता पुलिस बल के साथ तैनात रहे।

संबंधित समाचार