जिंदगी के साथ खिलवाड़! यूपी के छह ब्लड बैंकों पर रोक, बिना जांच के खून ट्रांसफर जैसी भयंकर खामियां 

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : जिंदगी के साथ खिलवाड़ कितना सामान्य होता जा रहा है। ब्लड बैंकों में बिना जांच के ब्लड ट्रांसफर! एलिसा जांच की कोई व्यवस्था नहीं। कोल्डचेन में लापरवाही और तकनीकी स्टॉफ के बगैर ये बैंक चलते रहे। यूपी की खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग की टीम, राज्य के छह ब्लड बैंकों की हालत देखकर दंग रह गई। फौरन इनके संचालन पर रोक लगाई। 
  
खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने ब्लड बैंकों की जांच का अभियान शुरू किया। गत 30 मार्च से पूरे राज्य में जांच शुरू की। इसी क्रम में अलीगढ़, मुरादाबाद, शामली, कासगंज, बहराइच और झांसी आदि जिलों में संचालित करीब 18 चेरिटेबल ब्लड बैंकों की जांच हुई। जांच टीम को बहराइच में दो, अलीगढ़ में तीन और शामली के एक ब्लड बैंक में भयंकर गड़बड़ियां मिलीं। 

सारे मानक किनारे रखकर यहां अपने ही ढर्रे पर ब्लड बैंक चलाए जा रहे थे। यहां तक कि बिना जांच के भी खून ट्रांसफर! टेक्निकल और प्रशिक्षित स्टॉफ के संकट के साथ गंदगी भी। 

मरीजों को मानकों के विरुद्ध खून उपब्लध कराने की घोर लापरवाही और असंवेदनशीलता को देखते हुए इन छह ब्लड बैंकों के संचालन पर फौरन ही रोक लगा दी गई। 

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के मुताबिक, इस अभियान के क्रम में अब तक 201 ब्लड बैंकों का निरीक्षण किया जा चुका है। जहां भी खामियां मिलीं-उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई है। आगे भी जांच का सिलसिला जारी रहेगा। उन्होंने सभी ब्लड बैंक संचालकों से मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा है।

संबंधित समाचार