Moradabad: महिला से लाखों के गहनों की ठगी, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी की फुटेज

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। थाना सिविल लाइन क्षेत्र की पाश कालोनी आशियाना फेज-दो में शनिवार देर शाम को दो महिला लाखों रुपये के जेवरात की ठगी करने मामला सामने आया है। दो बदमाशों ने सिंचाई विभाग के दिवंगत एसडीओ की पत्नी को झांसे में लेकर उनके हाथों से लाखों रुपये के सोने के गहने, मोबाइल फोन और पर्स ले लिए और फरार हो गए। घटना के संबंध में महिला द्वारा दी गई तहरीर पर सिविल लाइन पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

सिविल लाइन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना ने रविवार को बताया कि आशियाना फेस-दो स्थित मकान संख्या ए-1/18 निवासी ऋषिपाल सिंह ने थाना सिविल लाइन पुलिस को ठगी के संबंध में तहरीर दी है। दी गई तहरीर में बताया कि उनके स्वर्गीय भाई महिपाल सिंह सिंचाई विभाग में एसडीओ पद पर तैनात थे। शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे उनकी भाभी सुनीता सिंह बाजार से फल खरीदकर घर लौट रही थीं। वह फेस-2 के जेड-1 क्षेत्र से होकर पार्क वाली गली के रास्ते अपने घर जा रही थीं। इसी दौरान दो संदिग्ध युवक पैदल उनके पीछे लग गए। जैसे ही महिला सुनसान गली में पहुंचीं, दोनों युवकों ने उन्हें रोक लिया और उन्हें बातचीत में उलझाकर उनके हाथों में पहनी चार सोने की चूड़ियां और एक सोने की अंगूठी उतरवा लीं।

इसके बाद बदमाश उनका मोबाइल फोन और पर्स भी लेकर उनसे कहा कि आप पीछे मुड़कर मत देखना और फरार हो गए। पर्स में करीब 800 रुपये नकद और घर की चाबी रखी हुई थी। पीड़ित परिवार के मुताबिक बदमाश करीब 65 ग्राम वजन की चार सोने की चूड़ियां और लगभग सात ग्राम की सोने की अंगूठी ठग कर ले गए। गहनों की कीमत करीब आठ से दस लाख रुपये बताई जा रही है। वारदात के बाद सुनीता सिंह घबराकर चीखने लगीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। घबराहट के कारण महिला की तबीयत बिगड़ गई थी, जिसे स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने संभाला। कुछ देर बाद चौकी प्रभारी आशियाना और थाना प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइन मनीष सक्सेना भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी पहले से महिला की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे और सुनसान जगह मिलते ही वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता सुनीता सिंह ने पुलिस को बताया कि वह दोनों युवकों को पहचान सकती हैं, क्योंकि घटना से पहले उन्होंने उनसे बातचीत की थी। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

संबंधित समाचार